Operation: ऑपरेशन करते समय अस्पताल में प्रसूता की हुई मौत, डाक्टर फरार,उग्र परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
operation: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में ऑपरेशन के दौरान निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत हो गई।
जिसके बाद डॉक्टर फरार हो गया। ऑपरेशन के दौरान मरीज के मौत की जानकारी मिलते ही परिजन उग्र हो गए
और अस्पताल के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग 28बी पर शव रखकर सड़क जाम कर हंगामा करने लगे।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम अस्पताल से 5 स्टाफ को थाने लायी।
जहां उनसे पूछताछ की गई। मामला रविंद्र नगर थाना क्षेत्र का है।
डॉक्टर अस्पताल से फरार हो गया
यहां के कोहड़ा निवासी उपेंद्र यादव की पत्नी उर्मिला देवी (24) गर्भवती थी।
परिजनों ने बताया कि गांव की आशा बहू का पति राजेश यादव बिना रजिस्ट्रेशन और बिना प्रशिक्षित डॉक्टर के
संचालित होने वाले अस्पताल मेडविन पर ले गया। वहाँ ले जाने के बाद
अस्पताल पर मौजूद डॉक्टर और स्टाफ ने मरीज का ऑपरेशन करने लगे।
ऑपरेशन के दौरान बच्चा तो निकल गया, लेकिन गलत नस काट देने के कारण
महिला की मौत हो गई। इसके बाद डॉक्टर अस्पताल से भाग गया।
परिजनों ने किया हंगामा
परिजनों को मरीज के मौत हो जाने की सूचना मिली। उन्होंने अस्पताल पर हंगामा शुरू कर दिया
और कोई कार्रवाई न होता देख मृतका के परिजनों ने शव को अस्पताल के बाहर से गुजरने वाले
राष्ट्रीय राजमार्ग 28बी पर रखकर सड़क जाम कर दिया। जिले में मुख्यमंत्री का आगमन भी हुआ था
तो लगभग सभी थानों की फोर्स मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गई हुई थी,
लेकिन मौके से किसी ने घटना की सूचना डायल 112 को दे दी।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम अस्पताल से पांच स्टाफ जिसमें से
3 महिलाएं और 2 पुरुष को रविंद्रनगर थाने पर ले आयी। इसके बाद परिजनों ने
शव का पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
