Medical colleges:भुखमरी की कगार पर पहुंचे परिवार, मेडिकल कॉलेज के 500 कर्मचारियों को चार महीने से नहीं मिला वेतन
Medical colleges: गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में आउटसोर्सिंग पर
तैनात कर्मचारियों के दिन बदलते नजर नहीं आ रहे हैं। हर बार उन्हें वेतन के लिए
महीनों इंतजार करना पड़ रहा है। कर्मचारियों की दीपावली फीकी ही हो गई।
पिछले चार महीने से करीब 500 कर्मचारियों को मानदेय नहीं मिल सका है।
इसमें ज्यादातर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी हैं, जिनका मानदेय 10 हजार से कम है।
यह मानदेय भी पिछले चार महीने से नहीं मिला है। कर्मचारी मेडिकल कॉलेज (Medical colleges) में जीत
इंटरप्राइजेज के जरिए तैनात हैं। इनमें करीब 200 नर्सें शामिल हैं।
इसके अलावा 226 वार्ड ब्वॉय, 10 रिसेप्शनिस्ट, लैब अटेंडेंट व सामान्य अटेंडेंट 5-5,
गार्ड 11, माली एक, इलेक्ट्रिकल असिस्टेंट तीन, लिफ्टमैन दो के साथ ही 23 अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
इन कर्मचारियों में नर्सों को छोड़कर अन्य सभी का मानदेय 10 हजार रुपये या उससे कम हैं।
बेहद कम मानदेय वाले कर्मचारी भी चार महीने से वेतन के लिए भटक रहे हैं।
इन कर्मचारियों को जुलाई से मानदेय नहीं मिला है। इस कारण कर्मचारियों के परिवार भूखमरी के कगार पर हैं।
कर्मचारी मकान मालिक का किराया, बच्चों के स्कूल की फीस नहीं भर पा रहे हैं।
बीआरडी प्रशासन ने इस मामले में अक्तूबर में शासन को पत्र लिखकर
मानदेय के लिए बजट की मांग की थी, हालांकि बजट अब तक नहीं मिला है।
टीबी अस्पताल के कर्मचारी भी वेतन के इंतजार में
टीबी अस्पताल अस्पताल में जुलाई से निकाले गए 45 कर्मचारी भी वेतन के लिए परेशान हैं।
इन कर्मचारियों को चार महीने का मानदेय नहीं मिला है। इसके कारण इनके परिवार
भी भूखमरी के कगार पर हैं। बच्चों के स्कूल की फीस नहीं जमा हो पा रही है।
