insurance: सिर्फ 20 रुपये में 2 लाख का इंश्योरेंस, इस तरह लें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ
insurance: केंद्र सरकार द्वारा देश के आम नागरिकों को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर योजनाएं चलाई जाती हैं.
उनमें से एक स्कीम है प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY Benefits). इस बीमा योजना को सरकार ने साल 2015 में शुरू किया था,
जो एक एक्सीडेंटल बीमा स्कीम है. यह बीमा 20 रुपये के सालाना प्रीमियम पर मिलता है, जिसका उद्देश्य निम्न आय वर्ग तक के लोगों को फायदा पहुंचाना है.
उत्तराखंड के गौचर में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक सोहन रावत ने लोकल 18 को इस बीमा योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना भारत सरकार द्वारा शुरू की गई है.
यह एक दुर्घटना बीमा योजना है. जिसके तहत 18 से 70 साल का व्यक्ति 20 रुपये का सालाना प्रीमियम भरकर 2 लाख रुपये तक का सुरक्षा बीमा ले सकता है.
यदि उस व्यक्ति की मौत किसी भी दुर्घटना में हो जाती है, तो जो भी उसका नॉमिनी होगा, उसे भारत सरकार द्वारा दो लाख रुपये का कवर अप दिया जाएगा.
उन्होंने आगे कहा कि अभी तक भारत में 29 करोड़ लोगों ने इस योजना के तहत बीमा कराया है.अगर किसी प्राइवेट बैंक से आप एक्सीडेंटल बीमा करवाने जाते हैं,
तो आपको कई हजार रुपये देने होते हैं लेकिन प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ आप मात्र 20 रुपये में ले सकते हैं.
राष्ट्रीयकृत बैंक में अकाउंट जरूरी
उन्होंने आगे बताया कि इस बीमा योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक में आपका खाता होना चाहिए. अकाउंट नहीं है, तो नया खाता भी खोल सकते हैं. इसके लिए फोटो, पैन कार्ड और आधार कार्ड होना चाहिए.
बीमा कराने के लिए आप अपनी बैंक की ब्रांच में अपनी पासबुक लेकर जाएंगे, तो वहां आपको एक पन्ने का फॉर्म भरना होगा. यह आपको संबंधित काउंटर पर आसानी से मिल जाएगा. साथ ही अगर आपने अपने खाते के साथ अभी तक पैन कार्ड और आधार कार्ड को लिंक नहीं किया है, तो उसका प्रिंटआउट भी जरूरी है,
जिसमें सारे नियम और शर्तें लिखी होती हैं. उस फॉर्म में सभी जानकारियां दर्ज करनी होती हैं. जब आप उस फॉर्म को भरकर बैंक में जमा करेंगे, तो उसी दिन से आपका बीमा शुरू हो जाएगा. बीमा प्रीमियम की रकम आपके खाते से हर साल उसी तारीख को काट ली जाएगी.
