Farmers :इन किसानों को ही मिलेगी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जारी हुए नए निर्देश
Farmers:जिन किसानों का भूलेख अंकन पूरा हो चुका है, उन्हें ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की
तेरहवीं किस्त मिलेगी। इस बारे में केन्द्र सरकार के निर्देश जारी हुए हैं।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव कृषि डा.देवेश चतुर्वेदी ने इस बारे में सभी जिलाधिकारियों,
जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों तथा सभी उप कृषि निदेशकों को आदेश दिए हैं
कि 31 जनवरी तक लाभार्थी किसानों के ईकेवाईसी, बैंक खाते की
आधार सीडिंग और अवशेष भूलेख अंकन पूरा करवाया जाए।
जारी आदेश में अपर मुख्य सचिव कृषि ने बताया कि प्रदेश में 2.13 करोड़ भूलेख अंकन सम्पन्न किसानों के सापेक्ष
1.48 करोड़ किसानों के ईकेवाईसी का काम पूरा हो चुका है। 65 लाख किसानों का भूलेख अंकन पूरा हो गया है,
मगर ईकेवाईसी बाकी है। 1.64 करोड़ किसानों के बैंक खाते के आधार सीडिंग का काम पूरा हो चुका है,
49 लाख किसानों (Farmers) का भूलेख अंकन पूरा हो चुका है, मगर बैंक खाते से आधार सीडिंग बाकी है।
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से कहा है कि 16 जनवरी को सभी ग्रामों में ईकेवाईसी अपूर्ण, भूलेख अंकर अपूर्ण और
बैंक खाते के आधार सीडिंग के बकाया किसानों (Farmers) की सूची चस्पा कराते हुए.
पंचायतीराज विभाग के सहयोग से ग्राम पंचायतों की खुली बैठक आयोजित करवाई जाए। इन बैठकों में लाभार्थी
किसानों के साथ राजस्व, कृषि विभाग के कार्मिक और बैंक तथा जनसेवा केन्द्र के प्रतिनिधि शामिल हों।
खुली बैठक में किसानों (Farmers) को ईकेवाईसी, भूलेख अंकन और अपने बैंक खातों की आधार सीडिंग करवाने के
लिए प्रेरित किया जाए और उन्हें स्पष्ट कर दिया जाए कि इनके अपूर्ण होने पर
उन्हें प्रधानमंत्री किसान (Farmers) सम्मान निधि की 13वीं किस्त नहीं मिलेगी।
