farmers :24 घंटे में किसानों के खातों में पहुंचेगा डेढ़ करोड़ मुआवजा, बेमौसम बारिश से नष्ट हुई थी 12,695 किसानों की फसल
farmers: बेमौसम बारिश से तबाह हुए किसानों के लिए खुशखबरी है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने गुरुवार को छह हजार किसानों के लिए पहली किस्त डेढ़ करोड़ रुपये स्वीकृत कर दी है।
सब कुछ ठीक रहा तो 24 घंटे में पीएफएमएस (पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल के
माध्यम से प्रभावित कृषकों के मोबाइल पर मुआवजे की
घंटी बजने के साथ ही उनके बैंक खाते में मुआवजा राशि पहुंच जाएगी।
पूस की रात में कड़ाके की ठंड के बीच जिस फसल को अन्नदाता हाड़-तोड़ मेहनत कर उगाते हैं।
उसके प्रतिफल में उनके जेहन में तमाम ख्वाब होते हैं। किसी को ऋण अदायगी तो किसी को
बिटिया के हाथ पीले करने की चिंता रहती है। उन्हें क्या पता कि उनकी इस मेहनत पर प्रकृति कहर बरपाएगी।
सर्वे रिपोर्ट में 33 प्रतिशत नुकसान
आंकड़े बताते हैं बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए
जिला प्रशासन की ओर से कराए गए सर्वे रिपोर्ट में 33 प्रतिशत नुकसान हुआ था।
12,695 किसानों को क्षतिपूर्ति देने के लिए 3.56 करोड़ रुपये बजट आवंटित करने की शासन से मांग की गई थी।
जिलाधिकारी ने तीनों तहसीलों से किसानों के अभिलेखों की फीडिंग करने का निर्देश दिया था।
आदेश जारी होते ही प्रभावित किसानों के बैंक खाता आदि रिकार्ड इकट्ठा कर फीडिंग कराई गई।
24 घंटे में मिलेगा मुआवजा
जिलाधिकारी ने बताया छह हजार किसानों को डेढ़ करोड़ रुपये पहली किस्त जारी की गई है।
24 घंटे में पीएफएस पोर्टल के माध्यम से किसानों के खाते में मुआवजा राशि पहुंचने लगेगी।
बताया कि शीघ्र ही बाकी किसानों को भी मुआवजा राशि दी जाएगी।
तहसील – किसान – मिलने वाली राशि
ज्ञानपुर – 2900 – 1.20 करोड़
भदोही – 6295 – 1.46 करोड़
औराई – 3500 – 90 लाख
अधिकारी बोले…
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि फिलहाल डेढ़ करोड़ रुपये शासन ने स्वीकृत किए हैं।
उसके हिसाब से तहसीलवार किसानों के खातों में पीएफएमएस सिस्टम से धनराशि भेजी गई है।
शेष धनराशि भी जल्द आने की उम्मीद है। इसके बाद अन्य किसानों को मुआवजा मिल जाएगा।
