Creatorsvl: कोरोना सतर्कता का सीएम योगी ने दिया निर्देश, अस्पतालों में मास्क अनिवार्य
Creators :पूरे देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच यूपी में होने जा रहे
निकाय चुनाव को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा है कि लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, वाराणसी,
आगरा और मेरठ में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग
भीड़भाड़ से बचें। कोविड के हर संदिग्ध मरीज को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा दी जाए।
स्थानीय जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सभी जिलों में डेडिकेटेड कोविड हॉस्पिटल
तत्काल क्रियाशील कर दिया जाए। अस्पतालों में मास्क अनिवार्य करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय कोविड सलाहकार समिति और उच्चस्तरीय टीम-9 के साथ प्रदेश की
स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है।
यहां न केवल पॉजिटिविटी दर कम है, बल्कि जो मरीज मिल रहे हैं, उनकी स्थिति भी सामान्य है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति घबराने की नहीं सतर्क और सावधान रहने की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव प्रचार और मतदान के बीच संक्रमण प्रसार की आशंका भी है।
हर मतदाता की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित हो। इसके लिए मुख्य सचिव स्तर से राज्य निर्वाचन
आयोग से संवाद स्थापित कर जरूरी उपाय किए जाएं।
मतदान कार्मिकों को कोविड सुरक्षा किट भी उपलब्ध कराई जाए।
हमें अलर्ट मोड में रहना होगा
सीएम ने कहा कि बीते कुछ समय से देश के विभिन्न राज्यों में कोविड के केस में बढ़ोतरी देखी
जा रही है। वर्तमान में देश में 38 हजार से अधिक एक्टिव केस हैं।
वर्तमान में प्रदेश में 1791 एक्टिव केस हैं और अप्रैल में अब तक पॉजिटिविटी दर 0.65% रही
है। पिछले अनुभवों के मद्देनज़र यह जरूरी होगा कि
हम हर स्तर पर सतर्क रहें। हमें अलर्ट मोड में रहना होगा।
बड़े खतरे की आशंका नहीं
प्रदेश कोविड टीकाकवर से सुरक्षित है। सर्वाधिक टीकाकरण उत्तर प्रदेश में हुआ है।
राज्य स्तरीय कोविड सलाहकार समिति की रिपोर्ट बताती है
कि कोविड को लेकर प्रदेश में किसी बड़े खतरे की आशंका न्यून है,
लेकिन हमें कोविड अनुकूल व्यवहार को अपनाना चाहिए। इस संबंध में लोगों को पब्लिक एड्रेस
सिस्टम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाए। अस्पतालों के बाहर भी पब्लिक एड्रेस
सिस्टम से जागरूकता प्रसार करें। अस्पतालों में मास्क का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाए।
आक्सीजन प्लांट सक्रिय रखें
सीएम ने निर्देश दिए कि सभी ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील हों। अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों को
उपलब्ध कराए गए वेंटिलेटर एक्टिव हों। पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती हो।
जहां वेंटिलेटर हो वहां एनेस्थेसिस्ट की तैनाती जरूर की जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बीते दिवस आयोजित प्रदेशव्यापी मॉक ड्रिल में जहां भी
जिस भी तरह की कमी पाई गई हो, उसे तत्काल ठीक किया जाए।
सभी 75 जनपदों में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम हों।
इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर को तत्काल एक्टिव करें।
