Bride: लाल जोड़े में सजी-धजी दुल्हन पहुंच गई परीक्षा कक्ष में, हैरत में पड़ गए लोग, फिर..
Bride: यूपी के अमरोहा में ढवारसी के दुल्हेपुर अहीर के एचडीएसडी डिग्री कॉलेज में सोमवार
को तीसरी पाली में दुल्हन (Bride) लाल जोड़े में एमए की परीक्षा देने पहुंची।
कॉलेज प्रशासन हक्का-बक्का रह गया। परीक्षा देने के बाद दुल्हन ससुराल के लिए विदा हुई।
तब तक बाराती व दूल्हा उसके परीक्षा देकर लौटने का इंतजार करते रहे।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव फैयाज नगर निवासी उर्मेश पुत्री जगदीश की सोमवार को बारात आई
थी। इसी दिन तीसरी पाली में उर्मेश की एमए प्रथम वर्ष की भूगोल विषय की परीक्षा थी।
दोपहर में उर्मेश की बारात गांव पहुंची। दुल्हन के लाल जोड़े में सजी उर्मेश ने पति को जयमाला
डालने के संग सात फेरे लिए और इसके बाद एचडीएसडी महाविद्यालय में परीक्षा देने
पहुंच गई। जैसे ही वह लाल जोड़े में सजी-धजी परीक्षा कक्ष में पहुंची तो हर कोई
उसे देखने लगा। कॉलेज प्रशासन भी हक्का-बक्का रह गया।
जानकारी पर अध्यापकों व साथी छात्र-छात्राओं ने उर्मेश को वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी।
तीन घंटे की परीक्षा के बाद वह अपने मायके से ससुराल के लिए विदा हुई।
बताया जाता है कि फेरों के बाद दुल्हन ने माता-पिता व ससुराल वालों को पेपर देने जाने के बारे में
बताया तो सभी खुशी-खुशी राजी हो गए। दुल्हा व बाराती उसके पेपर देकर
लौटने का इंतजार करते रहे। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
