क्या Paytm ऐप चलेगा? वॉलेट से रखे मेरे पैसों का क्या…कंफ्यूजन में हैं आप तो जानिए अपने हर सवाल का जवाब
Paytm: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने ऑनलाइन पेमेंट ऐप पेटीएम (Paytm) को बड़ा झटका देते हुए पेटीएम पेमेंट बैंक (Paytm Payments Bank) की ज्यादातर सर्विसेस पर रोक लगा दी.
क्रेडिट ट्रांजैक्शन से लेकर डिपॉजिट और टॉपअप जैसी तमाम सर्विसेस को 29 फरवरी के बाद रोकने का आदेश दिया गया है. आरबीआई के नियमों की अनदेखी करने के बाद पेटीएम पेमेंट्स बैंक (Paytm Payments Bank) पर एक्शन लिया गया है.
यह भी पढ़ें :Paytm यूज करते हैं तो हो जाइए अभी से अलर्ट, 1 मार्च से बंद होने वाली हैं कई सर्विस, RBI ने लगाया बैन
पेटीएम पर हुई इस कार्रवाई के बाद ग्राहकों के मन में कई सवाल और कंफ्यूजन हैं. क्या पेटीएम ऐप बंद हो जाएगा ? वॉलेट में रखें बैलैंस का अब क्या होगा?
क्या पेटीएम का फास्टैग बेकार हो जाएगा? ऐसे तमाम सवाल है, जिन्हें लेकर ग्राहकों के मन में सवाल है.
क्या बंद हो जाएगा Paytm ऐप
आरबीआई का एक्शन पेटीएम पेमेंट बैंक पर हुआ है. ऐसे में पेटीएम ऐप बंद नहीं होगा, वो पहले की तरह की चलता रहेगा. आप अगर पेटीएम ऐप चलाते हैं और पेटीएम पेमेंट बैंक की सर्विस नहीं ले रहे हैं तो आप पहले ही तरह से अभी भी और 29 फरवरी के बाद भी ऐप से एक्टिविटी करते रहेंगें.
पेटीएम आरबीआई के निर्देशों को पूरा करने के लिए तत्काल कदम उठा रही है. कंपनी के मुताबिक पेटीएम पेमेंट कंपनी के रूप में कई बैंकों के साथ काम कर रही है. वो अपनी बाकी सर्विसेज को जारी रखने के लिए दूसरे बैंकों के साथ साझेदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है.
आरबीआई के एक्शन का असर पेटीएम क्यूआर, पेटीएम साउंडबॉक्स, पेटीएम कार्ड मशीन जैसी हमारी ऑफ़लाइन व्यापारी भुगतान नेटवर्क पर असर नहीं पड़ेगा.
क्या Paytm से यूपीआई पेमेंट बंद हो जाएगा?
आरबीआई का एक्शन पेटीएम पेमेंट बैंक पर हुआ है, इसलिए केवल इससे जुड़ी सर्विसेस पर असर पड़ेगा. अगर आप पेटीएम पेमेंट बैंक के जरिए UPI का इस्तेमाल करते हैं तो 29 फरवरी से ऐसा नहीं कर पाएंगे,
लेकिन पेमेंट करने के लिए अगर यूपीआई के जरिए आप दूसरे किसी बैंक जैसे की एसबीआई, एचडीएफसी बैंक का इस्तेमाल करते हैं तो करते रहेंगे.
मेरे पेटीएम वॉलेट बैलेंस का क्या होगा?
आप 29 फरवरी तक आराम से अपने पेटीएम वॉलेट बैलेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके बाद पेटीएम पेमेंट बैंक के वॉलेट बैलेंस में दिक्कत आएगी.
आपके लिए सबसे बेहतर विकल्प यही है कि आप अपना वॉलेट बैलेंस अपने बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर लें. वहां से आप इसके इस्तेमाल किसी भी यूटिलिटी बिल पेमेंट में कर सकते हैं.
क्या नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) कार्ड काम करेगा?
पेटीएम ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है कि एनसीएमसी कार्ड काम करते रहेंगे. ग्राहक अपने बैलेंस का इस्तेमाल कर पाएंगे. पेटीएम ने बताया कि वो तेजी से दूसरे बैंकों के साथ संपर्क बढ़ा रहा है, ताकि ग्राहकों की सर्विस बंद न हो.
क्या बंद हो जाएगा पेटीएम का फास्टैग
आप पेटीएम फास्टैग के बैलेंस का इस्तेमाल जारी रख सकते हैं. 29 फरवरी के बाद से वो निष्क्रिय हो जाएगा. हालांकि पेटीएम की ओर से ट्वीट कर इसकी जानतारी दी गई है कि वो फास्टैग सर्विस को जारी रखने के लिए दूसरे बैंकों के साथ तेजी से काम कर रहे हैं.
अगर पेटीएम दूसरे बैंकों के साथ डील करने में सफल रहा तो ठीक, वरना 29 फरवरी के बाद आपको दूसरा नया फास्टैग खरीदना होगा.
Paytm से लोन लेने वालों का क्या?
अगर आपने पेटीएम पेमेंट बैंक से लोन लिया है तो आपको अपना लोन रिमेंट पहले की तरह की जारी रखना होगा. पेटीएम का लोन थर्ड पार्टी लेंडर्स की ओर से है. आपको पहले की तरह की किस्त चुकाने होंगे.
अब पेटीएम क्या करेंगी
पेटीएम की प्रमोटर कंपनी वन97 कम्युनिकेशन पेटीएम पेमेंट बैंक के अलावा दूसरे बैंकों के साथ भी काम करती है. आरबीआई के एक्शन के बाद कंपनी ने दूसरे बैंकों के साथ काम करना शुरू कर दिया है
यह भी पढ़ें :Paytm: अरे! रिजल्ट के एक दिन बाद ही पेटीएम के फाउंडर ने क्यों कहा कि कंपनी को नए ग्राहकों की जरूरत नहीं?
और अब वो इस योजना में तेजी लाएंगे और पूरी तरह से अन्य बैंकों के साथ साझेदारी को बढ़ाएंगे. पेटीएम की बाकी सर्विसेस पेटीएम पेमेंट बैंकों के अलावा बाकी दूसरे बैंकों के साथ जारी रहेगी. कंपनी थर्ड पार्टी बैंकों के साथ करेगी.
क्या दुकानदार पेटीएम से पेमेंट लेंगे?
चूंकी आरबीआई का एक्शन पेटीएम पेमेंट बैंक पर है, ऐसे में जो दुकानदार अपने पेटीएम पेमेंट्स बैंक अकाउंट में पैसा लेते हैं, वो ऐसा नहीं कर पाएंगे. लेकिन वो दूसरे बैंकों में पेमेंट रिसीव कर सकते हैं.
