Weather: तीन दिन अंधड़ के साथ बारिश से बदलेगा मौसम, इन इलाकों में गिर सकते हैं ओले
Weather: यूपी में इस सीजन मौसम ज्यादा बिगड़ैल रहा है। अप्रैल से शुरू हुआ पश्चिमी विक्षोभ का असर मई तक चल
रहा है। बीते पांच सालों में ऐसा नहीं देखा गया। 29 मई तक अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है।
आम तौर पर गर्मी के सीजन में तीन से पांच दिनों तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखता है।
तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि भी होती है। इस सीजन यह रिकार्ड स्तर पर है। अप्रैल में शुरू हुआ बदलाव अभी
तक चल रहा है। कई बार तेज अंधड़, बारिश और ओले बरस चुके हैं। अभी भी आंधी, बारिश के आसार हैं।
मौसम विज्ञानी डॉ. पवन सिसोदिया के मुताबिक वायुमंडल में कई तरह के बदलाव हुए हैं।
गर्मी, सर्दी और बारिश के सीजन भी आगे बढ़े हैं। इनमें 15 से 20 दिनों की बढ़ोतरी हुई है।
यानि सीजन देर से शुरू होकर देर में ही खत्म होंगे। बीते तीन साल में यह देखा भी गया है।
राहत पांच डिग्री कम दिन का पारा
शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम रहा। इसे 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से पांच डिग्री कम होकर 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा है।
आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 85 रहा है। बीते 24 घंटों में 4.4 मिली मीटर बारिश रिकार्ड की गई है।
29 तक गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक अभी बदलाव का दौर चलेगा। 29 मई तक अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है।
गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इस दौरान ओलावृष्टि की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
यानि जून में ही आसमान साफ हो सकेगा। तब भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। वेस्ट यूपी में ओले गिरने की
संभावना जताई जा रही है। आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा के साथ ही अन्य इलाकों का भी मौसम बदलेगा।
