Tiger: जंगल से निकलकर खेत में पहुंचा बाघ, रोपाई कर रहे किसान को बनाया निवाला
Tiger: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक दर्दनाक घटना सामने आई है।
जंगल से निकलकर एक बाघ ने किसान को अपना निवाला बना लिया।
वहीं वन्य जीवों के हमले से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे जाम लगाकर हंगामा किया।
जानकारी मिलने पर वन्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
ये घटना माधोटांडा थाना क्षेत्र के मथना जप्ती गांव का है। लालता प्रसाद अपने भाई कैलाश के साथ
रात नौ बजे धान की रोपाई करने के लिए खेत की सिंचाई करने गए हुए थे। रात करीब 12 बजे एक बाघ ने
लालता प्रसाद पर हमला कर दिया और गन्ने के खेत में ले जाकर उन्हें मार डाला।
बाघ (Tiger) ने उनके शरीर का काफी भाग खा लिया था। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग सूचना दी जिसके बाद
सामाजिक वानिकी के पूरनपुर क्षेत्र के प्रभारी रेंजर कपिल कुमार के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंच गई।
खेत में पगचिह्न और खून देखकर बाघ के हमला किए जाने की पुष्टि की गई है।
शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बाघ की तलाश की जा रही है।
मृतक के भाई ने बताया कि खेत में रोपाई करने के लिये दोनों भाई काम करते हुए एक-दूसरे से अलग अलग मेड पर थे।
लंबे वक्त तक जब उन्हे लालता प्रसाद नहीं दिखा तो पहले उसको आवाज लगाई।
लेकिन जब जवाब नहीं मिला तो उसे खोजने निकला तो उसका लाश खेत में खाई हुई
अवस्था में मिला। किसी जंगली जानवर के हमले की आशंका को लेकर वन विभाग को सूचना दी गई
टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ के हमले की पुष्टि की है। इस घटना के बाद बुधवार सुबह ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर माधोटांडा पूरनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया
और जमकर हंगामा काटा। बमुश्किल किसी तरह मामले को शांत कराकर जाम खुलवाया जा सका।
