Ram Mandir : सदियों का इंतजार हुआ पूरा, राम मंदिर में विराजे रामलला,करें अयोध्या के राजा श्रीराम के दर्शन
Ram Mandir: सदियों के इंतजार के बाद रामलला अपने अयोध्या नगरी में नवनिर्मित राम मंदिर में विराज गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अन्य खास मेहमानों की मौजूदगी में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सोमवार को संपन्न हुआ। पीएम मोदी ने गर्भगृह में मुख्य यजमान की भूमिका निभाते हुए पूजा अर्चना की।
इसके बाद महज 84 सेकंड के शुभ मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला की फोटो भी सामने आई है। इसमें भगवान राम की मूर्ति बहुत ही अलौकिक नजर आ रही है।
सिर पर स्वर्ण मुकूट, माथे पर टीका, दोनों हाथों में स्वर्ण धनुष-बाण से रामलला की झलक अद्भुत नजर आ रही है। राम भक्तों का करीब 500 साल का इंतजार सोमवार 22 जनवरी को पूरा हो गया।
रामलला की मनमोहक मूर्ति को कर्नाटक के मैसूर के रहने वाले मूर्तिकार अरुण योगीराज ने बनाया है। उनका परिवार पीढ़ियों से इसी काम से जुड़ा है।
इस मूर्ति को श्याम शिला में तराशा गया है। मूर्ति की ऊंचाई 4.24 फीट है और वजन करीब 200 किलोग्राम है। भगवान श्रीराम की मूर्ति का शृंगार भी अनूठे तरीके से किया गया है।
उनकी मूर्ति पर एक-एक चीज शास्त्रों के अनुसार ही लगाई गई है। उनके सिर पर वैष्णव तिलक है। मुकूट बताता है कि श्रीराम अवध के राजा हैं। उनके मुकूट मकर की तरह हैं। हाथ में स्वर्ण-धनुष बाण हैं।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से जुड़े पल-पल के अपडेट यहां पढ़ें
प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश और दुनियाभर से सिर्फ गिने-चुने लोगों को ही आमंत्रित किया गया। आम लोगों का प्रवेश बीते दो दिनों से अयोध्या में बैन है।
इसका कारण कई वीआईपी अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था है। हालांकि, प्राण प्रतिष्ठा के बाद अगले दिन आम लोगों का राम मंदिर में प्रवेश शुरू हो जाएगा। 23 जनवरी से श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे।
अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेनें और बसें भी चलाई गई हैं। हाल ही में शुरू हुए अयोध्या एयरपोर्ट से दिल्ली, पटना, जयपुर, दरभंगा, कोलकाता समेत विभिन्न शहरों से विमान सेवा भी शुरू होने जा रही हैं।
