Rain alert:UP में फिर बदलेगा मौसम, 27 अप्रैल तक बदली-बारिश का अलर्ट,ओलावृष्टि के भी आसार
rain alert: मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में आगामी 27 अप्रैल तक
बदली-बारिश और कहीं-कहीं तेज हवा का सिलसिला बना रहने के आसार जताए हैं।
मौसम में यह बदलाव उत्तरी पाकिस्तान व आसपास तथा पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ विकसित
होने तथा उत्तर पूर्व राजस्थान तथा मध्य प्रदेश के आसपास चक्रवातीय दबाव केन्द्रित होने की
वजह से मौसम में यह बदलाव आया है। पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
इस वजह से रात के तापमान में सामान्य से एक से दो डिग्री की बढ़ोत्तरी की संभावना है।
वहीं दिन का तापमान सामान्य बने रहने के आसार हैं।
कृषि विशेषज्ञ डा.सी.पी.श्रीवास्तव (अवकाश प्राप्त कृषि उप निदेशक) का कहना है
कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में करीब 95 प्रतिशत गेहूं की फसल कट चुकी है
इसलिए गेहूं की फसल को इस बारिश व तेज हवा से नुकसान की आशंका बहुत कम है।
उन्होंने कहा कि मूंग और उड़द की फसलों को अभी पानी न दें और बारिश के पानी का लाभ उठाएं।
सोमवार 24 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के पूर्वी एवं दक्षिणी क्षेत्र बांदा, हमीरपुर, प्रयागराज, गाजीपुर,
जौनपुर, मऊ, बलिया, वाराणसी, चंदौली, मीरजापुर, सोनभद्र और आसपास के जिलों में
और 25 अप्रैल को इन जिलों के साथ-साथ मध्य यूपी और बुन्देलखंड के जिलों में गरज-चमक और
तेज हवा के साथ छिटपुट से हल्की बारिश की संभावना है। राज्य के सभी अंचलों में सामान्य से
तेज 6 से 12 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।
25 व 26 अप्रैल को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार हैं।
प्रदेश में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ ओले पड़ने की भी आशंका है।
रविवार 22 अप्रैल को राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के विभिन्न अंचलों में घने बादल छाये रहे
और रुक-रुक कर कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश हुई। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ीं।
