Monsoon: यूपी में कब पहुंचेगा मॉनसून? होगी झमाझम बारिश,जानें मौसम विभाग की भविष्यवाणी
Monsoon : दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून अपने निर्धारित समय से एक सप्ताह विलम्ब से गुरुवार
को केरल पहुंच गया। लखनऊ और आसपास के जिलों में 20 जून के
आसपास प्री-मानसून एक्टीविटी शुरू हो सकती हैं।
वैसे राज्य के तराई वाले इलाकों में पूर्वी हवाओं के कारण मौसम में बदलाव आ सकता है।
मौसम विभाग ने अगले सप्ताह भर को जो पूर्वानुमान लगाया है उससे शुक्रवार और शनिवार
को भीषण गर्मी पड़ सकती है। साथ ही दिन में लू चलने की चेतावनी दी गई है।
अगले दो दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
इसके बाद तराई वाले इलाकों में पूर्वी हवाओं के जोर से बौछारें पड़ सकती हैं।
इससे लखनऊ और आसपास के जिलों में दिन के तापमान में मामूली कमी हो सकती है
पर 40 डिग्री सेल्सियस से कम नहीं होगा। हां बीच-बीच में बदली हो सकती है।
प्री-मानसून एक्टीविटी दिलाएंगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग ने गुरुवार एक मानसून का चार्ट जारी किया है।
इसमें केरल में मानसून पहुंचने की जानकारी दी गई है।
मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मानसून के दाखिल होने की संभावित
तारीख 20 जून है। मानसून की गति पर बराबर निगरानी की
जा रही है। दो-तीन दिन में तस्वीर कुछ साफ होगी।
उत्तर प्रदेश में माॅनसून 20 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है।
वहीं लखनऊ में यह 25 से 28 जून के बीच दस्तक देगा।
इसके पूर्व मानसून की गतिविधियां शुरू जाएंगी। इसमें बदली, हवा,
बौछारें और कहीं तेज बरसात हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
