Missing: घर से इलाज कराने निकली महिला लापता,परिजनों ने आसपास के गांवों में की खोजबीन
Missing: उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के खुखुंदू थाना क्षेत्र के खखड़ी गांव की एक महिला बुधवार को इलाज के लिए देवरिया जिला मुख्यालय जाने के लिए निकली।
घर नहीं लौटने परिजनों ने पूरी रात देवरिया की गली-गली, रेलवे स्टेशन और आसपास गांवों में खोजबीन की।
जब महिला का कहीं पता नहीं चला तो पति ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी।
पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लापता महिला की तलाश शुरू कर दी है। पत्नी के Missing होने की सूचना पर पति प्रयागराज से बृहस्पतिवार सुबह ही घर पहुंच गया।
क्या है पूरा मामला
जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के खखड़ी गांव निवासी मोनिका देवी (28वर्ष) अपने दो बच्चों के साथ घर पर रहती थी। पति सुरेन्द्र यादव प्रयागराज में रहकर वेल्डिंग का काम करते हैं।
बुधवार को मोनिका देवी को देवरिया जिला मुख्यालय स्थित भटवलिया चौराहे पर ईलाज के लिए जाना था।
बड़ा बेटा सन्नी कुमार यादव मां को बाइक से ले जाकर मगहरा चौराहे पर एक आटो में बैठाकर चला आया।
परिजनों के अनुसार ऑटो पर बैठने के तकरीबन डेढ़ घंटे बाद ही मोनिका का मोबाइल फोन स्विच ऑफ बताने लगा।
देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो बेटा सन्नी और सूरज दोनों मां के पास बार-बार फोन लगाने लगे। लेकिन फोन स्विच ऑफ ही बताता रहा।
इसके बाद दोनों लड़कों ने यह बात अपने चाचा से बताई। सभी लोगों ने मिलकर खोजबीन शुरू की।
परिजनों का कहना है कि मोनिका देवी गहने भी पहनी हुई थीं। परिजन सबसे पहले मगहरा चौराहा, फिर देवरिया के लिए निकले।
देवरिया में भटवलिया से लेकर मालवीय रोड, अंसारी रोड, कोतवाली, राघव नगर, सीसी रोड, हनुमान मंदिर रोड सहित अन्य कई मोहल्लों और रेलवे स्टेशन पर ढूंढते रहे।
थक-हार कर बृहस्पतिवार को जब सुरेंद्र घर पहुंचे तो उन्हें लेकर बेटे थाने पहुंचे।
थानाध्यक्ष दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, शीघ्र ही महिला को बरामद कर लिया जाएगा।
