LIC और SBI के चेयरमैन पर कार्रवाई कर भेजा जाए जेल, अखिलेश यादव क्यों भड़के?
LIC : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि
एलआईसी (LIC) व एसबीआई के चेयरमैन पर कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि अपने चंद पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए
सार्वजनिक कंपनियों को तबाह कर दिया गया है। आरोप लगाया कि सरकान ने जनता का पैसा
इन पूंजीपतियों की कंपनी के शेयर खरीदने में लगा दिया। पिछले दो दिनों से शेयर मार्केट काफी गिर गया है।
अखिलेश ने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन माना जा रहा है कि उनके भड़कने के पीछे गौतम अडानी की कंपनियां
हैं। जिसकी एक रिपोर्ट आने के बाद से लगातार शेयर बाजार गिर रहा है।
अडानी की कंपनियों में एलआईसी और एसबीआई का बहुत ज्यादा पैसा लगा है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे स्थित ठठिया मंडी कट पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव कश्मीर में आंतंकियों का
शिकार हुए दन्नापुर्वा गांव के मजदूरों के परिजनों से मिले। उन्हें सांत्वना देने के साथ ही मृतक रामसागर की पत्नी
मालती देवी व मुनेश कुमार की पत्नी पुष्पा देवी को एक-एक लाख रुपये की चेक सौंपी।
दोनों को तीन महीने पहले आतंकियों ने अपना निशाना बना लिया था। अखिलेश ने सरकार से इन मजदूरों के परिजनों
को 50-50 लाख की मदद देने व उनके बच्चों को नौकरी व शिक्षा देने की मांग की।
अखिलेश ने यहां भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की शह पर एलआईसी व एसबीआई ने सरकार
समर्थित एक पूंजीपति की कंपनी के शेयर खरीदे। अमेरिका की एक रिसर्च कंपनी की रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद
इस कंपनी के शेयर धड़ाम हो गए, जिससे स्टेट बैंक व एलआईसी को काफी नुकसान हुआ है।
यह जनता का पैसा था। इस वजह से इन दोनों कंपनियों के चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदेश सरकार पर लगाया कन्नौज की अनदेखी का आरोप
अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर आरोप जड़ते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ हैं।
कन्नौज में भी सपा सरकार के दौरान जो भी विकास कार्य कराए गए थे, उसे भी मटियामेट कर दिया गया।
कन्नौज की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। सीएम व मंत्री झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
धर्म के नाम पर उन्माद फैलाया जा रहा है। करीब 25 मिनट तक रुकने के बाद उनका काफिला सैफई के लिए
निकल गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष कलीम खां, पूर्व विधायक अनिल दोहरे,
पूर्व जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, इं.अनिल पाल समेत तमाम स्थानीय नेता मौजूद रहे।
