jeans-tshirt: UP के इस जिले में सरकारी कर्मचारियों के जींस-टीशर्ट में ऑफिस आने पर रोक, डीएम ने जारी किया आदेश
jeans-tshirt: यूपी में इन दिनों मंदिरों में ड्रेस कोड लागू हो रहे हैं। लोगों को छोटे कपड़े और फैंसी जींस पहनकर
आने पर रोक लगाई जा रही है। इसी कड़ी में अब मेरठ कलक्ट्रेट व तहसीलों में कर्मचारियों के लिए ड्रेस
कोड लागू किया गया है। यहां के कर्मचारी ड्यूटी के दौरान जींस-टीशर्ट और रंग-बिरंगे कपड़े नहीं पहन सकेंगे।
डीएम दीपक मीणा ने एक आदेश जारी कर कर्मचारियों को सामान्य ड्रेस में कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है।
सभी एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार और कलक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को इस आदेश का सख्ती से
पालन कराने को कहा गया है। इस आदेश से कलक्ट्रेट व तहसील कर्मियों में हड़कंप मचा है।
डीएम की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश में कहा गया है कि देखने में आ रहा है कि कलक्ट्रेट कार्यालय/तहसीलों के
कुछ कर्मचारी jeans-tshirt एवं अन्य रंग बिरंगे कपड़े पहनकर कार्यालय आ रहे हैं।
इस संबंध में उनकी ओर से पहले भी कई बार निर्देशित किया गया हैं लेकिन कर्मचारियों द्वारा आदेश का अनुपालन नहीं
किया जा रहा है। डीएम ने कहा है कि अब इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कलक्ट्रेट
कार्यालय / तहसीलों में जींस टी-शर्ट एवं अन्य रंग बिरंगी वेशभूषा में कोई कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित न हों।
सामान्य ड्रेस (फॉर्मल ड्रेस) में ही कार्यालय आना सभी कर्मचारी सुनिश्चित करें। डीएम का आदेश शुक्रवार को
कर्मचारियों के बीच जारी होते ही हड़कंप मच गया। कर्मचारियों का दबे स्वर में कहना है
कि इस तरह का आदेश पहली बार जारी हुआ है। वहीं कुछ कर्मचारियों का कहना है
कि उनके कुछ साथी पिछले दिनों कई बैठकों में भी रंग-बिरंगे कपड़े
पहन कर पहुंचे, इस कारण ही डीएम को ऐसा आदेश जारी करना पड़ा।
