IPS officer: बुजुर्ग महिला की मुस्कान बनीं आईपीएस अफसर अनुकृति शर्मा, बिजली से रोशन हुई जिंदगी
IPS officer: एक तरफ जहां यूपी पुलिस अपने कारनामों के कारण चर्चा में है।
वाराणसी से लेकर कानपुर देहात तक पुलिस वालों की हरकतों ने सरकार को भी शर्मसार कर
दिया है। वहीं, बुलंदशहर में महिला पुलिस अधिकारी आईपीएस अनुकृति शर्मा की तारीफ
करते लोग नहीं थक रहे हैं। बिजली नहीं होने से अंधेरे में जी रही बुजुर्ग महिला नूरजहां को
आईपीएस अनुकृति के कारण पहली बार अपने घर में बल्ब जलाने का मौका मिला है।
पैसा नहीं होने के कारण विधवा बुजुर्ग महिला कनेक्शन नहीं लगवा पा रही थी।
इसकी जानकारी मिलने पर आईपीएस अफसर ने अपनी जेब से पैसे खर्च कर
बुजुर्ग महिला के घर पर बिजली कनेक्शन लगवाया है।
अनुकृति शर्मा पिछले दिनों बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी में
महिला सशक्तिकरण मिशन के तहत महिला और बच्चियों की चौपाल लगाई थी।
चौपाल में बुजुर्ग विधवा महिला नूरजहां ने पैसे ना होने की वजह से झोपड़ी में बिजली कनेक्शन ना
होने की बात कही। बुजुर्ग महिला ने झोपड़ी में बिजली
कनेक्शन कराने की प्रार्थना आईपीएस (ips officer) अनुकृति शर्मा से की।
बुजुर्ग विधवा महिला ने बताया कि बिजली कनेक्शन ना होने की वजह से अंधेरे में रहने
को मजबूर है। इसके कारण उसे कई अन्य परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
बुजुर्ग महिला की परेशानियों को जानने के बाद अनुकृति शर्मा ने किसी मातहत को निर्देश देने के
बजाए खुद गांव खेड़ी में पहुंचकर बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
अपने पैसे से बुजुर्ग महिला के नाम पर बिजली का कनेक्शन लिया
और उनकी झोपड़ी को रोशन कराया। पहली बार अपनी झोपड़ी में बिजली का बल्ब जलते ही
बुजुर्ग महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। महिला अफसर ने बुजुर्ग को अपनी
तरफ से एक छत का पंखा भी भेंट किया और उनकी झोपड़ी में उसे लगवा दिया।
