Electricity: लू और भीषण गर्मी की चपेट में यूपी, सीएम योगी बोले-न हो कटौती, खरीदी जाए अतिरिक्त बिजली
Electricity: यूपी इन दिनों लू और भीषण गर्मी की चपेट में हैं। ऊपर से बिजली कटौती से
प्रदेश वासी परेशान हैं। सीएम योगी ने सोमवार को भीषण गर्मी और लू की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती न हो।
जरूरत हो तो अतरिक्त बिजली खरीदने की व्यवस्था करें।
शहरों में पेयजल की आपूर्ति निर्धारित रोस्टर के अनुरूप की जाए।
हीटवेव (लू) के लक्षणों और उससे बचाव के लिए आमजन को जागरूक किया जाए
मुख्यमंत्री ने सोमवार को यहां लू से बचाव को लेकर बुलाई गई अधिकारियों की बैठक में यह
निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी हैंडपम्प को चालू करा दिया जाए।
ग्रामीण पाइप पेयजल योजनाओं का सुचारू संचालन किया जाए।
ट्रांसफार्मर जलने व तार गिरने जैसी समस्याओं का बिना विलंब निस्तारण किया जाए।
बाजार में व मुख्य मार्गों पर जगह-जगह पेयजल की व्यवस्था की जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमारी को स्थिति में हर किसी को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा मुहैया
कराई जाए। राहत आयुक्त कार्यालय के स्तर से मौसम पूर्वानुमान का दैनिक बुलेटिन जारी किया
जाए। प्राणि उद्यानों व अभयारण्यों में हीट-वेव एक्शन प्लान का हो प्रभावी क्रियान्वय किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में भीषण गर्मी-लू का प्रकोप देखा
जा रहा है। ऐसी स्थिति में आम जनजीवन और पशुधन, वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए
हर स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए जाएं। सभी नगर निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर
प्याऊ रखवाए जाएं। सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए।
पानी की कमी से अत्यधिक प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।
पशुपालक कृषकों को हीट वेव की स्थिति में सुरक्षित रखने के पुख्ता इंतजाम हों।
गोशालाओं में पशुधन की चारे और पानी की उचित व्यवस्था हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ का संचालन एक पुनीत कार्य, गोवंश, श्वान आदि
के लिए सार्वजनिक स्थानों पर पानी एवं छाया की व्यवस्था की जानी चाहिए।
पक्षियों के लिए छोटे बर्तनों में पानी एवं दाना रखने के लिए आम जन को करें जागरूक करें।
विशेष बैठक में मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा,
अपर मुख्घ्य सचिव वन, प्रमुख सचिव राजस्व, राहत आयुक्त की उपस्थिति रही।
