UP के इन इलाकों में होगी झमाझम बारिश,आंधी-तूफान और ओले गिरने की भी चेतावनी, जानें डिटेल्स
Rain: उत्तर भारत में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। उत्तर प्रदेश समेत तमाम राज्यों में बारिश और ओले का दौर शुरू होने वाला है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मौसम बदल रहा है।
जहां पहाड़ों पर कल (17 फरवरी) से ही बारिश शुरू हो जाएगी तो मैदानी इलाकों में 19 फरवरी से इसकी शुरुआत होगी। राजधानी दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश होने वाली है।
मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 से 22 फरवरी, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20-22 फरवरी के बीच बारिश होगी। इतना ही नहीं, दिल्ली में भी 19-21 फरवरी के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी यूपी में आंधी तूफान, तेज हवाओं और बिजली कड़कने का भी अलर्ट है। मौसम विभाग ने बताया है कि 19 और 20 फरवरी को पश्चिमी यूपी में ऐसा मौसम देखने को मिलेगा। इसके अलावा, 19 और 20 फरवरी को पश्चिमी यूपी में ओेले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर पश्चिम भारत में अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। हालांकि, पूर्वी यूपी और बिहार में 17 फरवरी में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
बता दें कि पिछले दिनों भी यूपी में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से कई इलाकों में तेज बारिश देखी गई थी। मौसम विभाग ने 13 से 15 फरवरी तक के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था,
जिसकी वजह से पश्चिमी और पूर्वी यूपी के जिलों में झमाझम बारिश हुई थी। कई इलाकों में ओले भी गिरे थे और कुछ दिनों के लिए तापमान में भी गिरावट रिकॉर्ड की गई थी।
