Monsoon: गर्मी और लू से लोग हुए त्रस्त,अब आपके शहर में होने वाली है मॉनसून की झमाझम बारिश
Monsoon: देश में मॉनसून प्रवेश तो कर गया है मगर उत्तर भारत के लोगों को
मॉनसून की बारिश का बेसब्री से इंतजार है। मॉनसून की बारिश से पहले यूपी, बिहार, राजस्थान,
हरियाणा और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में गर्मी की स्थिति विकराल रूप ले चुकी है।
इन राज्यों में लोग गर्मी और लू से त्रस्त हैं। मौसम विभाग की मानें तो अगले 4-5 दिनों के दौरान
उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भीषण लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें :Monsoon: जानिए मानसून कब आएगा? गर्मी-बारिश के बीच IMD ने बताया कहां गिरेंगे ओले
वहीं राहत की खबर देते हुए मौसम विभाग ने बताया कि बहुत जल्द बंगाल के
अलावा पूर्वी बिहार और पूर्वी झारखंड में मॉनसून की बारिश होने वाली है।
क्या Monsoon की स्थिति
देश में मॉनसून की स्थिति की बात करें तो कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक,
त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। मध्य महाराष्ट्र,
उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम,
अरुणाचल प्रदेश और असम और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई।
आपके इलाके में कब तक होगी मॉनसून की बारिश
दक्षिण-पश्चिम मानसून आज 12 जून, 2024 को महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, पूरे तेलंगाना
और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। फिलहाल मॉनसून (Monsoon) की उत्तरी सीमा अब
20.5 डिग्री उत्तर से गुजर रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी एक मैप के मुताबिक,
मॉनसून 10-15 जून के बीच में पूरे बंगाल और पूर्वी बिहार और पूर्वी झारखंड तक,
15-20 जून तक पूरे बिहार-झारखंड और पूर्वी उत्तराखंड और पूर्वांचल तक, 20-25 जून तक
आधे उत्तर प्रदेश और पूरे उत्तराखंड तक और 25-30 जून तक पूरे उत्तर प्रदेश को कवर करते हुए दिल्ली तक पहुंचेगा।
वहीं 30 जून से 8 जुलाई तक मॉनसून पंजाब, हरियाणा और राजस्थान तक पहुंच जाएगा।
भीषण लू की चपेट में हैं ये इलाके
मौसम विभाग की मानें तो उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी इलाके, दक्षिणी बिहार,
झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली के कुछ भागों में तथा उत्तराखंड,
उत्तरी राजस्थान, ओडिशा और उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ भागों में लू की स्थिति गंभीर देखी गई है।
यह भी पढ़ें :Monsoon ने लगाया टॉप गियर, इन राज्यों में खूब झमाझम बरसेंगे बदरा, बारिश को लेकर क्या बोला IMD
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में
अधिकतम तापमान 42-46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, बिहार,
झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान
सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। कल देश भर में सबसे
अधिक अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस प्रयागराज (पूर्वी उत्तर प्रदेश) में दर्ज किया गया।