Monsoon: मॉनसून को लेकर मौसम विभाग ने दी गुड न्यूज, जानकर खुशी से झूम उठेंगे आप!
Monsoon: मॉनसून को लेकर मौसम विभाग ने बड़ी खुशखबरी दी है। मैसम विभाग ने बताया है
कि दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष भाग में आगे बढ़ने के साथ ही
रविवार को सामान्य तिथि से छह दिन पहले पूरे देश में पहुंच गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह
जानकारी दी। आईएमडी ने शुक्रवार को कहा था कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार को छोड़कर
पूरे देश में जुलाई में मॉनसून सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम कार्यालय ने कहा कि
सामान्य तिथि आठ जुलाई से पहले रविवार को ही मॉनसून पूरे देश में पहुंच गया।
लगभग 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जून में कम बारिश हुई है।
बिहार में सामान्य से 69 प्रतिशत और केरल में 60 फीसद कम बारिश हुई। उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र,
कर्नाटक, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे कुछ अन्य राज्यों में भी दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून के पहले महीने जून में
सामान्य से कम बारिश हुई। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने शुक्रवार को कहा था, ‘
‘जुलाई 2023 के दौरान पूरे देश में औसत मासिक वर्षा सामान्य (एलपीए का 94 से 106 प्रतिशत) रहने का अनुमान
है।” देशभर में जुलाई के दौरान वर्षा का दीर्घ अवधि औसत (एलपीए)
वर्ष 1971-2020 के आंकड़े पर आधारित है जो करीब 280.4 मिमी है।
भूमध्यवर्ती प्रशांत महासागर के गर्म होने का घटनाक्रम (इसे अल-नीनो दशा कहा जाता है) जुलाई में
विकसित होने की संभावना है। अल-नीनो का संबंध बारिश में कमी से जोड़ा जाता है।
महापात्र ने कहा था कि हाल के अधिकतर अल-नीनो वर्षों में जून के दौरान बारिश सामान्य से कम रही है।
दिल्ली में सोमवार को हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,
जो औसत से दो डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
विभाग ने कहा कि रविवार को शहर की सापेक्षिक आर्द्रता 54 प्रतिशत से 92 प्रतिशत के बीच रही।
आईएमडी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को मौसम सुहावना रहा और
न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है।
आईएमडी ने दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन रविवार को राजधानी में बारिश नहीं हुई।
हालांकि, मौसम विज्ञानियों ने सोमवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने
और हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना व्यक्त की है।
