Doctor: 22 जनवरी तक इस शहर के डॉक्टर मरीजों से लेंगे आधी फीस, निशुल्क करेंगे ऑपरेशन
Doctor:रामनाम कि औषधि खरी नियत से खाय, अंगरोग व्यापे नहीं महारोग मिट जाये। गोस्वामी तुलसीदास की बताई रामनाम कि इस औषधि को खाने की मेरठ शहर के डॉक्टरों में होड़ मच गई है।
उनका मानना है कि सांसारिक दुख दर्द को मिटाने का एक मात्र साधन श्रीराम की औषधि ही है। इसे पाने के लिए उन्होंने 22 जनवरी तक मरीजों की मुफ्त सेवा करने का संकल्प लिया है। वह इस पावन दिन का साक्षी बनकर श्रीराम के चरणों में अपनी कृतज्ञता प्रकट करना चाहते हैं।
ऑर्थोपेडिक व मैनिपुलेटिव फिजियो का मुफ्त इलाज
बागपत रोड पर ओप्टीमस हेल्थ केयर सेंटर चलाने वाले डॉ. केपी सैनी ने बताया कि वह रामोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में 16 से 22 जनवरी तक हर प्रकार के जोड़ों के दर्द, घुटनों के दर्द, कमर दर्द, मांसपेशियों व नसों के दर्द के मरीजों को नि:शुल्क परामर्श देंगे।
इसके साथ ही मरीजों की जांच व फुट प्रेशर एनालिसिस व शरीर अलाइनमेंट जांच भी नि:शुल्क करेंगे। उन्होंने बताया कि इस दौरान कोई भी मरीज इस सेवा का लाभ उठा सकता है।
लेप्रोस्कोपिक सर्जन करेंगे निशुल्क ऑपरेशन
लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर नीरज गोयल ने 15 से 22 जनवरी तक मरीजों की निशुल्क सर्जरी करने का निर्णय लिया है। डॉ. नीरज ने बताया कि 22 जनवरी तक गढ़ रोड स्थित उनके क्लीनिक पर आने वाला कोई भी मरीज रसौली, अपेंडिक्स, बच्चेदानी की गांठ आदि से जुड़ा ऑपरेशन करा सकता है। इसके लिए वह अपना ऑपरेशन खर्च नहीं लेंगे केवल दवा आदि का खर्च देना होगा।
16 से 22 जनवरी तक बच्चों के डॉ. नीरज कांबोज लेंगे आधी फीस
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज कांबोज ने भी 16 से 22 जनवरी तक आधी फीस पर मरीजों को परामर्श देने का निर्णय लिया है।
उनका कहना है कि वह अयोध्या नहीं जा पा रहे हैं तो यहीं कम पैसे में इलाज करके इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहते हैं। उनका कहना है कि यह सेवा सभी मरीजों के लिए होगी। कोई भी इसका लाभ ले सकता है।
