Rain alert:अगले 5 दिन तक हवा और बारिश के आसार, जानें कब से सताएगी गर्मी
rain alert: देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है,
जिसके बाद मौसम काफी खुशनुमा बना हुआ है. आसमान में काले बादल छाए हुए हैं
और ठंडी हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर की फिजाओं में ठंडक घोल दी है.दरअसल बीते कई
दिनों से दिल्ली में लोग गर्मी से परेशान थे
और अब मौसम में बदलाव ने लोगों को राहत दी है.
बदलते मौसम पर बात करते हुए मौसम विभाग के वेदर साइंटिस्ट नरेश कुमार ने बताया कि हाल ही
में 2 वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सामने आए हैं. जिसकी वजह से देश के कई राज्यों के मौसम में बदलाव
देखने को मिल रहा है. उन्होंने बताया कि आने वाले 5 दिनों तक दिल्ली का मौसम
अच्छा रहने वाला है. दिल्ली-एनसीआर के अलावा देश के कई राज्य जैसे हिमाचल प्रदेश,
उत्तराखंड, मध्य प्रदेश के साथ उत्तर पूर्वी भारत के राज्यो में भी बारिश देखने को मिलेगी.
वहीं बारिश और ठंडे मौसम की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी.
इसके अलावा फिलहाल दिल्ली में हीटवेव आने की संभावना नहीं है.
5 दिन तक खुशनुमा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में 4 मई तक बारिश के
आसार बने हुए हैं. इसके साथ ही आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की
बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं.
तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान गिरकर 20 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक
पहुंच सकता है. हालांकि 5 मई से एक बार फिर तापमान में बढ़त देखी जा सकती है.
दिल्ली में जैसे ही मौसम बदला वैसे ही लोगों ने एक बार फिर से घरों से निकलना शुरू कर दिया
और उनके चेहरों पर भी रौनक दिखाई देने लगी. इंडिया गेट घूमने आए लोगों ने बताया कि
मौसम में बदलाव होने के बाद उन्हें सुकून मिल रहा है क्योंकि बीते लंबे समय से
गर्मी का पारा हाई होने के कारण वो घरों से भी नहीं निकल पा रहे थे.
