राजद शासन में डीजीपी को मुंशी और मुख्य सचिव को बाबू कहा जाता था:CM Yogi
CM Yogi : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रंजन कुमार के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राजद, कांग्रेस और सपा समेत महागठबंधन के सभी दलों पर निशाना साधा।
राजद शासनकाल पर हमला
उन्होंने कहा कि 1992-2005 के बीच राजद के शासनकाल में बिहार में मुख्य उद्योग अपहरण बन चुका था। इस दौरान 30 हजार से अधिक अपहरण और 60 से अधिक जातीय नरसंहार की दुर्दांत वारदातें घटीं। आज प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है। यह विपक्ष को अच्छा नहीं लग रहा है।
2005 के बाद बदलाव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजद शासन में डीजीपी को मुंशी और मुख्य सचिव को बाबू कहा जाता था। अधिकारी बिहार में काम करने से कतराते थे। जबकि 2005 के बाद बिहार में तेजी से परिस्थितियां बदलने लगीं और शासन-प्रशासन का राज कायम हुआ।
विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, जलमार्ग और रेलमार्ग के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। जबकि राजद शासन में विकास कार्यों को नजरअंदाज किया गया।
खानदानी लुटेरे निशाने पर
योगी ने कहा कि इन खानदानी लुटेरों ने माफियाओं को जन्म दिया। उन्होंने सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बनाने की बात कही और एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की।
