Actors शाहरुख-दीपिका समेत पांच के खिलाफ बिहार के कोर्ट में शिकायत, पठान की रिलीज पर रोक की मांग
actors शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की अपकमिंग फिल्म पठान को लेकर छिड़ा विवाद थमने का
नाम नहीं ले रहा है। बिहार के मुजफ्फरपुर कोर्ट में शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम समेत पांच लोगों
के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता ने पठान फिल्म में अश्लीलता फैलाने और धार्मिक भावनाओं को
आहत करने का आरोप लगाते हुए इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। बता दें कि
लहलादपुर निवासी वकील सुधीर ओझा ने मुजफ्फरपुर सीजीएम कोर्ट में पठान फिल्म के एक्टर्स और निर्माता के
खिलाफ परिवाद दायर कराया है। इसमें अभिनेता शाहरुख खान, जॉन अब्राहम, अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, निर्माता
आदित्य चोपड़ा को आरोपी बनाया गया है। इसमें फिल्म के गाने ‘बेशर्म रंग’ के बोल को लेकर भी आपत्ति दर्ज की गई है।
अधिवक्ता ने कोर्ट से फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पठान मूवी में हिंदू धर्म की आस्था को ठेस पहुंचाई गई है।
क्या है विवाद?
शाहरुख-दीपिका स्टारर मूवी पठान 25 जनवरी 2023 को देशभर में रिलीज होनी है।
हाल ही में इस फिल्म का एक गाना ‘बेशर्म रंग’ रिलीज हुआ। इसमें दीपिका ने भगवा रंग की बिकनी पहनकर
शाहरुख के साथ बोल्ड सीन किए हैं। हिंदू संगठनों ने दीपिका के कपड़ों पर आपत्ति जताई है।
साथ ही आरोप लगाया है कि गाने में भगवा को बेशर्म रंग बताकर हिंदू भावनाओं को आहत किया गया है।
देश भर के हिंदू संगठन इस फिल्म के विरोध में उतर आए हैं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत
अन्य राज्यों में इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की जा रही है।
