Kuldeep Yadav ने इन 2 गेंदबाजों को दिया वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की जीत का श्रेय
Kuldeep Yadav: भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया के विजयी अभियान का
श्रेय जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को दिया है। उनका मानना है
कि इस मार्की टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत के लिए तेज आक्रमण महत्वपूर्ण है।
रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने अभी तक खेले सभी 4 मैच जीतकर
टूर्नामेंट का आगाज जोरदार अंदाज में किया है। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में
पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से धुल चटाई, वहीं इसके बाद
उन्होंने अफगानिस्तान को 8 विकेट से रौंदा। इस वर्ल्ड कप सबसे बड़े इंडिया वर्सेस
पाकिस्तान मुकाबले में टीम इंडिया ने अपने चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को
7 विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। इसके बाद भारत ने
बांग्लादेश पर भी जीत दर्ज कर अपने विजयी अभियान को जारी रखा।
वर्ल्ड कप 2023 में भारत के अभी तक के प्रदर्शन के बारे में कुलदीप यादव ने
आईसीसी से कहा ‘पहले पावरप्ले में अच्छी शुरुआत करना बहुत महत्वपूर्ण है।
जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है।
न वह केवल हमें विकेट लेकर दे रहे हैं, बल्कि जब मैं और जड्डू भाई गेंदबाजी करने आते हैं
तो शायद रन भी रोकते हैं। हमें हमेशा एक या दो विकेट मिलते हैं,
केवल बांग्लादेश के खिलाफ हमें ऐसा महसूस हुआ उन्हें बहुत अच्छी शुरुआत मिली।’
वर्ल्ड कप 2023 में भारत ने अभी तक सभी मुकाबले चेज करते हुए जीते हैं,
इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा समेत विराट कोहली की फॉर्म लाजवाब रही है।
ये दोनों भारतीय स्टार बल्लेबाज टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची के टॉप-5 में हैं।
भारत ने अभी तक खेले चार मैचों में 36 विकेट झटके हैं, ऑस्ट्रेलिया और
पाकिस्तान दोनों को 200 से कम रन पर आउट किया है और अफगानिस्तान और
बांग्लादेश के खिलाफ आठ विकेट हासिल किए हैं। जहां भारत की
तेज गेंदबाज जोड़ी बुमराह और सिराज विरोधियों को हिलाकर रख रहे हैं,
वहीं स्पिन जोड़ी कुलदीप और रवींद्र जड़ेजा भी मेन इन ब्लू के
अजेय विश्व कप अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कुलदीप यादव ने आगे कहा ‘हम सिर्फ लेंथ पर काम कर रहे हैं और
जितना हो सके उतना मैं और जड्डू भाई सिंपल रखने की कोशिश कर रहे हैं।
हमें अच्छे विकेट भी मिल रहे हैं, लेकिन अपने खेले को सिंपल और
हर मैच में इस मेंटन करना काफी महत्वपूर्ण है। अगर आप बीच के ओवरों में शुरुआती विकेट लेते हैं,
तो निश्चित रूप से यह आपको आत्मविश्वास देता है और यह रन रेट को भी नियंत्रित करता है।’
