award: मोहम्मद शमी समेत 26 को मिला अर्जुन अवॉर्ड, सात्विक-चिराग को खेल रत
award: राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों 2023 की बुधवार को घोषणा हो गई है।
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी समेत 26 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड मिलेगा।
वहीं, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार बैडमिंटन जोड़ी को
मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। उच्चतम न्यायालय के
सेवानिवृत्त न्यायाधीश एएम खानविलकर की अध्यक्षता वाली समिति ने जिन नामों की अनुशंसा की थी
उसके आधार पर सात्विक-चिराग को सर्वोच्च खेल सम्मान खेलरत्न देने का फैसला किया गया।
खेल पुरस्कार 9 जनवरी को दिए जाएंगे। ये पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में
आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रदान करेंगी।
बता दें कि शमी ने वर्ल्ड कप 2023 में कमाल का प्रदर्शन किया था।
उन्होंने टूर्नामेंट में 7 मैचों में सर्वाधिक 24 शिकार किए थे। शमी को चार मैचों में बाहर
रहने के बाद मौका मिला था, जिसका उन्होंने जमकर फायदा उठाया।
यह भी पढ़ें :National Award:आलिया को ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के लिए पहला नेशनल अवॉर्ड
हालांकि, भारत को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शमी को अर्जुन अवॉर्ड की लिस्ट में शामिल करने के लिए
विशेष आग्रह किया था। इससे पहले उनका नाम देश के दूसरे सर्वोच्च
खेल पुरस्कार के लिए नामित किए गए खिलाड़ियों की सूची में शामिल नहीं था।
इन खिलाड़ियो को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड 2023
मोहम्मद शमी (क्रिकेट), ओजस प्रवीण देवताले (तीरंदाजी), सुअदिति गोपीचंद स्वामी (तीरंदाजी),
श्रीशंकर एम (एथलेटिक्स), पारुल चौधरी (एथलेटिक्स), मोहम्मद हुसामुद्दीन (मुक्केबाजी),
आर वैशाली (शतरंज), अनुश अग्रवाल (घुड़सवारी), दिव्यकृति सिंह (घुड़सवारी ड्रेसेज),
सुदीक्षा डागर (गोल्फ), कृष्ण बहादुर पाठक (हॉकी), सुपुखरामबम सुशीला चानू (हॉकी),
पवन कुमार (कबड्डी) रितु नेगी (कबड्डी), नसरीन (खो-खो), पिंकी (लॉन बाउल्स),
ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर (शूटिंग), ईशा सिंह (शूटिंग), हरिंदर पाल सिंह संधू (स्क्वैश),
अयहिका मुखर्जी (टेबल टेनिस), सुनील कुमार (कुश्ती) अंतिम (कुश्ती),नाओरेम रोशिबिना देवी (वुशु)
शीतल देवी (पैरा तीरंदाजी), इलूरी अजय कुमार रेड्डी (ब्लाइंड क्रिकेट), प्राची यादव (पैरा कैनोइंग)।
12 सदस्यीय समिति ने किया पुरस्कारों का फैसला
प्रशिक्षकों को मिलने वाले द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए गणेश प्रभाकरन (मल्लखंभ),
महावीर सैनी (पैरा एथलेटिक्स), ललित कुमार (कुश्ती), आरबी रमेश (शतरंज)
और शिवेंद्र सिंह (हॉकी) का चयन किया गया है। ध्यानचंद जीवन पर्यंत पुरस्कार के लिए
कविता सेल्वराज (कबड्डी), मंजूषा कंवर (बैडमिंटन) और विनीत कुमार शर्मा (हॉकी) को चुना गया है।
खेल मंत्रालय ने इस साल के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार और
अर्जुन पुरस्कार का फैसला करने के लिए 12 सदस्यीय समिति गठित की थी।
