love:’निश्छल है इनका प्रेम..इन्हें मिला दीजिए, अखिलेश के बाद वरुण हुए सारस-आरिफ की दोस्ती के मुरीद, की ये मांग
love: सारस और आरिफ की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है।
आरिफ के चिड़ियाघर जाकर सारस से मुलाकात करने के बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया में
खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में आरिफ को देख सारस ने अपने पंख फैलाकर
उसका स्वागत किया। अपने बाड़े में वह काफी खुश नज़र आ रहा है।
अब पीलीभीत से बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने इस वीडियो को शेयर कर आरिफ को उसका दोस्त
लौटा दिए जाने की मांग की है। बता दें कि इसके पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अखिलेश यादव ने सारस और आरिफ की दोस्ती का वीडियो शेयर किया था।
सारस और आरिफ की कहानी खास है!
एक दूसरे को सामने पा कर इन दोनों दोस्तों की ख़ुशी बता रही है कि इनका प्रेम कितना निश्छल और पवित्र है।
यह खूबसूरत जीव स्वच्छंद आकाश में उड़ने के लिए बना है, पिंजरे में रहने के लिये नहीं।
उसे उसका आसमान, उसकी आजादी और उसका मित्र वापिस लौटा दीजिए। pic.twitter.com/kwUCYn4q2Q
— Varun Gandhi (@varungandhi80) April 12, 2023
बुधवार को अपने ट्विटर अकाउंट से सारस और आरिफ का वीडियो शेयर करते हुए वरुण गांधी ने
लिखा, ‘सारस और आरिफ की कहानी खास है। एक दूसरे को सामने पा कर इन दोनों दोस्तों की
ख़ुशी बता रही है कि इनका प्रेम (love) कितना निश्छल और पवित्र है।
यह खूबसूरत जीव स्वच्छंद आकाश में उड़ने के लिए बना है, पिंजरे में रहने के लिये नहीं।
उसे उसका आसमान, उसकी आजादी और उसका मित्र वापिस लौटा दीजिए।’
अखिलेश ने दी थी ये प्रतिक्रिया
इससे पहले समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सारस और आरिफ का वीडियो
शेयर करते हुए लिखा था, ‘जो लोग समझते हैं नफ़रत भर देंगे दिलों में, उन्हें नहीं पता मोहब्बत
क़ुदरती होती है और क़ुदरत के ख़िलाफ़ जाने वाले कहाँ कभी कामयाब होते हैं।’
ऐसे हुई थी सारस से आरिफ की दोस्ती
अमेठी के जामो ब्लॉक में रहने वाले आरिफ और सारस की दोस्ती पिछले कुछ दिनों से सोशल
मीडिया में काफी मशहूर है। सारस-आरिफ की मुलाकात अगस्त 2022 में हुई थी।
आरिफ को सारस घायलावस्था में मिला था। उसके दाहिने पैर में चोट लगी थी
और खून बह रहा था। बताया जाता है कि आरिफ ने सारस के पैर पर दवा लगाकर पट्टी बांध दी थी।
आरिफ ने सारस की मरहम-पट्टी के बाद उसे लिटा दिया।
इसके बाद लगातार सारस की देखरेख करते रहे।
सारस भी आरिफ का ऐसा दोस्त बना कि उनके घर पर ही रहने लगा।
आरिफ जहां-जहां जाते सारस उनके साथ जाता। सारस और आरिफ की दोस्ती का ये वीडियो
सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी दोनों से मिलने पहुंचे थे।
इस मुलाकात के कुछ समय बाद वन विभाग ने सारस को पक्षी विहार में शिफ्ट कर दिया था।
इसे लेकर अखिलेश ने आरोप लगाया था कि वह सारस और
आरिफ से मिलने गए इसीलिए यह कार्रवाई की गई।