Season: अब बदलेगा मौसम,बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
Season: दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे के दौरान मौसम साफ बना रहा। शनिवार को लगातार दूसरे दिन हवा की गुणवत्ता में सुधार देखा गया, हालांकि करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर बना रहा।
गणतंत्र दिवस के दिन भी राजधानी में आसमान साफ रहा और मौसम सुहावना रहा। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।
मौसम विभाग अनुसार
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मंगलवार, 27 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा। दिन के दौरान कई चरणों में बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसे देखते हुए विभाग ने बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बुधवार से लेकर एक फरवरी तक मौसम के दोबारा साफ होने की संभावना जताई गई है। हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड बनी रहेगी।
बुधवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जो 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं शुक्रवार से रविवार के बीच अधिकतम तापमान 18 से 22 और न्यूनतम 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वायु गुणवत्ता की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सोमवार सुबह दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 209 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
25 निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता खराब जबकि 14 केंद्रों पर मध्यम श्रेणी में पाई गई। बोर्ड के मानकों के अनुसार 201 से 300 के बीच AQI को खराब श्रेणी में रखा जाता है।
