Meeting: PM मोदी ने 5 घंटे तक चली मीटिंग में UCC पर किया मंथन, 2024 से पहले क्या बन रहा प्लान..
Meeting: पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को दिल्ली में एक हाईलेवल मीटिंग हुई है।
यह मीटिंग करीब 5 घंटे तक चली और कहा जा रहा है कि इसमें समान नागरिक संहिता के मसले पर भी
लंबा मंथन हुआ। इस मीटिंग में होम मिनिस्टर अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और
संगठन महामंत्री बीएल संतोष मौजूद थे। मंगलवार को ही भोपाल में एक आयोजन में पीएम मोदी ने
समान नागरिक संहिता को लाने की वकालत की थी और उसके बाद हुई यह लंबी मीटिंग अहम मानी जा रही है।
कहा जा रहा है कि इस बैठक में समान नागरिक संहिता को लागू करने के
तरीकों और उस पर कदम आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई है।
इसके अलावा बैठक में आने वाले दिनों में कैबिनेट विस्तार और भाजपा में फेरबदल पर चर्चा होने की भी खबर है।
माना जा रहा है कि भाजपा अलग-अलग राज्यों के कुछ नेताओं को कैबिनेट में जगह दे सकती है।
इसके अलावा कुछ बड़े नेताओं को संगठन में जगह दी जा सकती है ताकि चुनाव अभियान को धार दी जा सके।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को पहली बार समान नागरिक संहिता पर खुलकर अपनी बात रखी थी।
इससे पहले विधि आयोग ने इस मसले पर सिविल सोसायटी और अहम संगठनों से जुड़े लोगों से राय मांगी थी।
