Elections: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को वोटिंग, 4 मई को आएंगे नतीजे
Elections: भारत निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार राज्य में चुनाव एक ही चरण में कराया जाएगा। मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। तमिलनाडु विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 10 मई को समाप्त हो रहा है।
चुनाव की घोषणा के साथ लागू हुई आचार संहिता
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले मतदाता सूची के सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों की समीक्षा पूरी कर ली गई है।
पांच राज्यों में चुनाव तैयारियों की समीक्षा
उन्होंने बताया कि आयोग ने हाल ही में असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का दौरा कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मतदाताओं से संवाद किया गया और बेहतर काम करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित भी किया गया।
लोकतंत्र का पर्व हैं विधानसभा चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र का पर्व हैं और देश की सांस्कृतिक विविधता तथा राष्ट्रीय एकता को भी दर्शाते हैं। चुनाव आयोग मतदाता सूची संशोधन, बूथ स्तर की तैयारियों और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दे रहा है।
17.4 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान
आयोग के अनुसार इन पांच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए लगभग 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे और पूरी चुनाव प्रक्रिया में करीब 25 लाख कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अलग-अलग राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल अलग-अलग तिथियों पर समाप्त हो रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम का 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को समाप्त होगा।
