Earthquake: नेपाल में भूकंप से मची तबाही, अब तक 69 लोगों की मौत; भारत में भी लगे तेज झटके
Earthquake: नेपाल में शुक्रवार रात 6.4 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया,
जिसके झटके भारत की राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए।
इस विनाशकारी भूकंप में नेपाल में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है।
रुकुम पश्चिम में 28 और जाजरकोट में 20 लोग मारे गए हैं। रुकुम पश्चिम के डीएसपी नामराज भट्टराई और
जाजरकोट के डीएसपी संतोष रोक्का के हवाले से न्यूज एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी है।
आपको बता दें कि रात करीब 11 बजकर 32 मिनट पर आए भूकंप के कारण लोगों को
अपने घरों से बाहर निकलना पड़ा। भूकंप का केंद्र नेपाल में अयोध्या से
लगभग 227 किलोमीटर उत्तर और काठमांडू से 331 किलोमीटर पश्चिम उत्तर-पश्चिम में
10 किलोमीटर की गहराई में था। नेपाल में एक महीने में तीसरी बार तेज भूकंप आया है।
यह भी पढ़ें :Earthquake in Delhi:दिल्ली-NCR में कांपी धरती, गुरुग्राम-फरीदाबाद तक महसूस हुए भूकंप के झटके
गुरुग्राम के निवासी इंद्रजीत सिंह ने कहा, ”जब हम टेलीविजन देख रहे थे, तभी काफी देर तक झटके महसूस हुए।
” गाजियाबाद के रहने वाले गोपाल ने कहा कि झटके 15 सेकंड से ज्यादा देर तक महसूस हुए।
उन्होंने कहा, ”मुझे खिड़की के शीशे की खड़खड़ाहट भी सुनाई दी”
Earthquake के झटके दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए,
जिसके चलते ऊंची इमारतों में रहने वाले कई लोग बाहर निकल आए। नोएडा सेक्टर-76 में एक ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के
निवासी प्रत्यूष सिंह ने कहा, ”वास्तव में बहुत तेज झटके महसूस हुए। यह एक बेहद डरावना एहसास था।”
भूकंप के झटके उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बस्ती, बाराबंकी, फिरोजाबाद, अमेठी, गोंडा, प्रतापगढ़, भदोही, बहराइच, गोरखपुर और देवरिया जिलों के अलावा बिहार के कटिहार, मोतीहारी तथा पटना में भी महसूस किए गए।
