Cyclone: साइक्लोन Mocha मचाएगा तबाही, इन राज्यों में होगी भारी बारिश; यहां हीटवेव की चेतावनी
Cyclone: साइक्लोन मोचा दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी के आस-पास के क्षेत्रों में एक बहुत ही गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पश्चिम बंगाल में आठ टीमों और 200 बचावकर्मियों को तैनात किया है।
कई राज्यों में मोचा की वजह से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
हालांकि, उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इसके अलावा, दक्षिण के राज्यों में बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है।
वहीं, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में 12 व 13 मई को हीटवेव का अलर्ट है। इसके अलावा, 15 मई से पूर्वी भारत के हिस्से में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि साइक्लोन मोचा की वजह से अंडमान और निकोबार में 12 मई को भारी बारिश होगी।
इसके अलावा, 13 और 14 मई को त्रिपुरा और मिजोरम में कई जगह पर भारी बारिश का अलर्ट है।
14 मई को ही नगालैंड, मणिपुर और दक्षिणी असम के इलाकों में भारी बरसात से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
12 मई को अंडमान में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
त्रिपुरा, मिजोरम और दक्षिणी मणिपुर में 14 मई को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
इसके अलावा, कल शाम तक दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है।
मौसम विभाग ने 12 मई को मछुआरों, नावों समेत अन्य को बंगाल की खाड़ी के पास नहीं जाने की सलाह दी है।
इसेक अलावा, मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर के इलाकों में 14 मई तक नहीं जाने की सलाह है।
आज से चार दिनों तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 16 मई के बीच उत्तर पूर्वी भारत में हल्की से मध्यम गति की बारिश हो सकती है। 14 से 16 मई के दौरान अरुणाचल प्रदेश,
असम, मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट है। नगालैंड, मणिपुण, मिजोरम, त्रिपुरा में 13 से 16 मई के बीच भारी बरसात होगी।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 15 मई, असम और मेघालय में 15 व 16 मई, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 व 15 मई को बहुत भारी बारिश होने वाली है।
बीते दिन के मौसम की बात करें तो गुजरात, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, उत्तरी आंतरिक ओडिशा जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री
सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा, आंतरिक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, साउथईस्ट उत्तर प्रदेश, बिहार,
पूर्वी राजस्थान और झारखंड में 40-42 डिग्री के बीच तापमान रहा। गुजरात, पूर्वी बिहार, पश्चिमी बंगाल, सिक्किम,
नॉर्थईस्ट इंडिया में अधिकतम तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है।
इन इलाकों में हीटवेव की चेतावनी
-कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में 12 मई
-गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में 12 व 13 मई
-पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12-14 मई
-विदर्भ में 13 और 14 मई
-बिहार, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल में 15 और 16 मई
-तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 14-16 मई
