Winter: यूपी में अब बदलेगा मौसम का मिजाज,बढ़ेगी सर्दी की दस्तक,जानें
Winter: उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे में मौसम का मिजाज बदल सकता है। पश्चिमी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते राज्य के कई हिस्सों में सर्दी बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार तीन से चार नवम्बर तक इस महीने का पहला पश्चिमी विक्षोभ (WD) सक्रिय हो सकता है, जिसके बाद मैदानी इलाकों में ठंड का असर और बढ़ जाएगा।
मौसम विभाग ने बताया कि तीन नवम्बर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा
हालांकि कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। चार और पांच नवम्बर को भी दोनों संभागों में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 31°C और न्यूनतम 19°C के आसपास रहने की उम्मीद है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी भी क्षेत्र के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है।
आगरा में मंगलवार को बारिश के आसार
ताजनगरी आगरा में मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में एक या अधिक बार हल्की वर्षा हो सकती है।
बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी है, इसलिए खुले में निकलते समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश के बाद तापमान में एक से तीन डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है। रविवार को आगरा का अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री कम 30.2°C और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 20.4°C रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 93 दर्ज हुआ।
बरेली में बढ़ी ठंड, सुबह-शाम छाई धुंध
बरेली में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिन के साथ ही अब रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार की सुबह हल्की धुंध छाई रही और शाम को फिर से कोहरा लौट आया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिन तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। रविवार को दिनभर हल्की धूप और हवा चलने से ठंड का अहसास बढ़ा। अधिकतम तापमान 28.3°C और न्यूनतम तापमान 16.3°C रिकॉर्ड किया गया।
ठंडी हवाओं से बढ़ेगा सर्दी का असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद पूरे उत्तर भारत, खासकर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के मैदानी हिस्सों में सुबह और रात के समय कोहरे की परत बढ़ेगी, जिससे सर्दी का प्रभाव और तेज महसूस होगा।
