film industry: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को मिलेगा बढ़ावा, गोरखपुर में 100 एकड़ में बनेगी रीजनल फिल्म सिटी
film industry: पर्यटन के नक्शे पर तेजी से उभर रहे गोरक्षनगरी में उत्तर प्रदेश की पहली रीजनल फिल्म सिटी के
निर्माण की पहल गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने की है। जीडीए ने जिला प्रशासन से 100 एकड़ जमीन मांगी है।
फिलहाल गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताल नदौर में जमीन चिह्नित की गई है।
इस प्रोजेक्ट में 100 करोड़ के निवेश के प्रस्ताव भी मिले हैं। ताल नदौर की
करीब 500 एकड़ सरकारी जमीन से 100 एकड़ फिल्म सिटी के लिए मिलने की उम्मीद है।
रीजनल फिल्म सिटी को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर, सचिव उदय प्रताप सिंह, कार्यवाहक मुख्य
अभियंता किशन सिंह ने ताल नदौर का दौरा किया। इस दौरे में मुम्बई से आए
फिल्म उद्योग से जुड़े कुछ लोग भी शामिल रहे। गोरखपुर एवं कुशीनगर एयरपोर्ट होने से
कनेक्टिविटी काफी बेहतर है। सड़क एवं रेलमार्ग से भी गोरखपुर के जुड़े होने एवं अच्छे होटल के कारण भी यहां
काफी संभावनाएं हैं। नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी के बाद गोरखपुर में रीजनल फिल्म सिटी खुलने से
आंचलिक सिनेमा को काफी आगे ले जाया जा सकेगा। जीडीए बड़े
ओटीटी प्लेटफार्म के साथ समझौता करेगा। जल्द ही इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
अनुमान है कि भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री 2000 करोड़ रुपये से ऊपर का उद्योग है।
भोजपुरी के साथ ही प्रदेश में अवध, बुंदेलखंडी, बृज व अन्य क्षेत्रीय सिनेमा का उभार भी दिख रहा है।
सांसद रवि किशन शुक्ला का कहना है कि गोरखपुर में रीजनल फिल्म सिटी की स्थापना से इन
संभावनाओं को बल मिलेगा। जीडीए, सिनेमा जगत से जुड़े लोगों के लिए फिल्म सिटी में
अफोर्डेबल आवासीय योजनाएं भी लाएगा। फिलहाल कैम्पियरगंज एवं
वाराणसी रोड पर फिल्म सिटी के लिए जमीन की संभावनाएं देखी जा रही हैं।
सीएम योगी एवं सांसद रवि किशन भी हैं पक्षधर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र में फिल्म सिटी निर्माण के साथ गोरखपुर में भी रीजनल
फिल्म सिटी की आवश्यकता महसूस की थी। सांसद रवि किशन शुक्ला ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को
गोरखपुर में फिल्म सिटी की स्थापना के लिए पत्र लिखकर मांग की थी।
जीडीए के उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि गोरखपुर में कला संस्कृति के संरक्षण के साथ रोजगार
के नए अवसर के सृजन के लिए रीजनल फिल्म सिटी निर्माण से काफी संभावनाएं दिख रही हैं।
जीडीए ने शासन को प्रस्ताव भेजने के साथ जिला प्रशासन से जमीन भी मांगी है।
हमारी कोशिश रीजनल सिनेमा के लिए अच्छी फिल्म सिटी विकसित करने की है।
गोरखपुर में अच्छी लोकेशन और काम करने के लिए सुरक्षित माहौल है।
