Uncontrolled car: लग्जरी कार अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी,तीन गंभीर रूप से घायल
Uncontrolled car: कुशीनगर जनपद मे शनिवार को हाटा कोतवाली क्षेत्र के महुआरी चौराहे के समीप फोरलेन के किनारे एक पंचर बनाने की दुकान में एक लग्जरी कार अनियंत्रित होकर घुस गई, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब कसया से गोरखपुर की ओर जा रही कार अचानक बेकाबू हो गई और दुकान में जा घुसी।
इस घटना में दुकान का टीन शेड पूरी तरह ढह गया और कार के ऊपर आ गिरा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई।
बारिश के कारण दुकान की झोपड़ी के नीचे कुछ लोग अपनी बाइकें खड़ी कर रुके हुए थे। हादसे में देवरिया के नौतन हथियागढ़ निवासी हरिंद्र प्रजापति (46 वर्ष) और रामपुर श्रीपाल निवासी नथुनी शर्मा (42 वर्ष) सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसके अलावा, चार बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को दुकान से बाहर निकाला और हाटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
