उचित दर दुकानों के निरीक्षण हेतु अधिकारी नियुक्त, तय किए गए बिंदुवार मापदंड
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर कुशीनगर ने शासनादेश (24 सितंबर, 2022) के तहत उचित दर दुकानों पर माहवार खाद्यान्न के भौतिक सत्यापन के लिए समयबद्ध और गंभीर कार्यवाही के निर्देश दिए। नोडल और पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को नामित किया गया है।
मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:
भारतीय खाद्य निगम के प्रेषण प्रभारी द्वारा खाद्यान्न की रीयल-टाइम ऑनलाइन फीडिंग होगी, जिसमें दुकान, समय और वाहन की जानकारी दर्ज होगी।
पूर्ति निरीक्षक खाद्यान्न पहुंचने की सूचना उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधियों, नोडल और पर्यवेक्षणीय अधिकारियों को व्हाट्सएप/एसएमएस से समय पर देंगे।
डिलीवरी स्थल पर पूर्ति और विपणन निरीक्षक खाद्यान्न की मात्रा और गुणवत्ता का मिलान करेंगे। उचित दर विक्रेताओं द्वारा ई-पॉस ऐप के माध्यम से रिसीविंग समयबद्ध सुनिश्चित होगी, जिसका अनुपालन जिला खाद्य विपणन अधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी करेंगे।
जुलाई, अगस्त, सितंबर 2025 के लिए नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जो सत्यापन कर रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को तुरंत देंगे।
उपजिलाधिकारी वितरण से पहले सत्यापन सुनिश्चित करेंगे और जवाबदेह होंगे। सत्यापन और वितरण रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा संकलित कर जिलाधिकारी को प्रस्तुत होगी।
अनियमितता की स्थिति में तुरंत सूचना दी जाएगी। पर्यवेक्षणीय अधिकारी पारदर्शी वितरण सुनिश्चित कर निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तहसील आपूर्ति कार्यालय को देंगे।
वितरण तिथि का प्रचार-प्रसार उपजिलाधिकारियों द्वारा होगा, ताकि लाभार्थियों को पूर्व सूचना मिले। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक दुकानों पर सूचनाओं का प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे।
तहसील स्तर पर आपूर्ति कर्मचारी/अधिकारी रिपोर्ट की समीक्षा कर अनियमितता पर कार्रवाई करेंगे और आख्या जिला पूर्ति अधिकारी को भेजेंगे।
जाँच में निम्न बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा:
सूचना का समय पर प्रेषण, डिलीवरी स्थल पर मात्रा और गुणवत्ता का मिलान, नोडल अधिकारी द्वारा सत्यापन, अन्त्योदय और पात्र गृहस्थी को निर्धारित मात्रा/दर पर वितरण, घटतौली की स्थिति, और सत्यापन में पाई गई कमियां।
लापरवाही पर नोडल और पर्यवेक्षणीय अधिकारियों के खिलाफ विभागीय/अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
सेवानिवृत्ति/स्थानांतरण पर प्रभार लेने वाला अधिकारी जिम्मेदारी निभाएगा।
सभी संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
