तहसील परिसर में लगा जनसमस्याओं का दरबार, अधिकारियों ने सुनीं फरियादें
Problem: कुशीनगर जिले मे शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को खड्डा तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी ने संयुक्त रूप से की।
इस दौरान तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, आपूर्ति, पेंशन, भूमि विवाद एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
अधिकारियों ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र का अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई।
उपजिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान शासन की प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं क्षेत्राधिकारी ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
