राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं युवा सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं : सांसद
Prelection: कुशीनगर जनपद में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद विजय कुमार दुबे ने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और युवा सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में “मेरा युवा भारत” द्वारा संचालित यूनिटी मार्च सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण, सेवा और एकता की भावना को सशक्त करना है।
सांसद ने कहा कि यह पदयात्रा भारत की एकता और विविधता का उत्सव है। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर 2025 तक जिले में विभिन्न विकासखंडों व महाविद्यालयों में पदयात्राएं होंगी, जबकि राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (गुजरात) में संपन्न होगी। सांसद ने युवाओं से “मेरा भारत पोर्टल” पर पंजीकरण कर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया और अधिकारियों को अधिकतम युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, जिला युवा अधिकारी एवं एनसीसी अधिकारी सहित पत्रकारगण उपस्थित रहे।
