Magh Mela: वृद्धा आश्रम से प्रयागराज माघ मेला के लिए वृद्धजनों की आस्था यात्रा रवाना
Magh Mela: वृद्धा आश्रम कसया, कुशीनगर से शुक्रवार को प्रयागराज माघ मेला के लिए वृद्धजनों का एक विशेष जत्था पूरे सम्मान, आस्था और उत्साह के साथ रवाना किया गया। इस पावन यात्रा का शुभारंभ जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित कुमार जायसवाल एवं सभासद राजेश मद्धेशिया ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृद्धजनों को माला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा प्रयागराज यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि माघ मेला आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का महापर्व है और वृद्धजनों की सहभागिता से इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
समाज कल्याण विभाग की ओर से पुनीत यादव एवं हिमालय कुशवाहा भी उपस्थित रहे। उन्होंने वृद्धजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, सुविधाओं एवं यात्रा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सुरक्षित यात्रा की कामना की।
प्रयागराज माघ मेला यात्रा को लेकर वृद्धजनों के चेहरों पर खास उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बुजुर्गों को सम्मान, आनंद और आत्मिक संतोष प्राप्त होता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वृद्धा आश्रम के कर्मचारियों एवं समाज कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
