Lightning: आकाशीय बिजली के चपेट में आने से सात मजदूर झुलसे,हालत गंभीर
Lightning: जनपद कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के 3 किमी के भीतर स्थित दो अलग-अलग ईंट भट्ठों पर गिरी आकाशीय बिजली से सात मजदूर झुलस गए।
गंभीर रूप से घायल मजदूरों को आनन-फानन में सीएचसी मथौली ले जाया गया,
जहां हालत गंभीर देख सातों मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई।
हीटवेव और प्रचंड गर्मी से मंगलवार की सुबह आसमान में बादल छाए तो लोगों को थोड़ी राहत मिली।
दोपहर बाद गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी, जिससे आम लोगों को राहत मिली, लेकिन जिले के दो ईंट-भट्ठों के मजदूरों पर बारिश आफत बनकर टूटी।
कप्तानगंज इलाके के लोहेपार और मठिया उर्फ अकटहां गांव के सिवान में स्थिति ईंट-भट्ठों पर काम कर रहे सात मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए।
मठिया उर्फ अकटहां में स्थित जनता ईंट भट्ठा पर तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी,
जिससे काम कर रहे सागर पुत्र संतोष उम्र 17 वर्ष, रतिराम पुत्र छैब उम्र 36 वर्ष, जमूलाल पुत्र चिनीलाल उम्र 40 वर्ष,
अजय पुत्र उमेश उम्र 25 वर्ष निवासीगण छत्तीसगढ़ व पंकज पुत्र राजेंद्र उम्र 20 वर्ष निवासी मठिया उर्फ अकटहां गंभीर रूप से झुलस गए।
दो मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
कुछ ही देर में महज 3 किलोमीटर के सर्किल में कप्तानगंज थानाक्षेत्र के ही लोहेपार स्थित सीकेआर ईंट-भट्ठा पर भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दीपक पुत्र संजय उम्र 19 वर्ष व संजय पुत्र प्रेम लाल उम्र 30 वर्ष निवासी छत्तीसगढ़ गंभीर रूप से झुलस गए।
दोनों ईंट भट्ठे पर मौजूद लोगों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथौली भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इलाज के दौरान संजय की जिला अस्पताल में मौत हो गई। उप जिलाधिकारी हाटा ने ईंट भट्ठा का जायजा लिया और जिला अस्पताल में पहुंचकर सभी घायलों का हाल जाना।
