Inquiry: ग्राम सभा में विकास कार्यों की अनियमितता की शिकायत पर त्रिसदस्यीय टीम ने की जांच
inquiry: जनपद कुशीनगर के विकास खंड कप्तानगंज के अंतर्गत ग्राम सभा परतावल में विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत के बाद उपलोकायुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जांच शुरू की गई है।
ग्राम सभा के निवासी अमरनाथ यादव ने विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर उपलोकायुक्त उत्तर प्रदेश को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में ग्राम सभा द्वारा कराए गए विकास कार्यों से संबंधित कई बिंदुओं पर सवाल उठाए गए थे।
उपलोकायुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी कुशीनगर ने मामले की जांच के लिए एक त्रिसदस्यीय टीम गठित की, जिसमें उपजिलाधिकारी कप्तानगंज अनिल कुमार, खंड विकास अधिकारी कप्तानगंज प्रवीण शुक्ला और क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह शामिल हैं।
सोमवार को यह टीम ग्राम सचिवालय परतावल पहुंची और शिकायत में उल्लिखित सभी बिंदुओं की गहन जांच की।
टीम ने स्थलीय निरीक्षण भी किया और शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए कुछ अभिलेखों की समीक्षा की।
जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय थाने के उपनिरीक्षक विपिन कुमार सिंह, गिरजेश कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार और पंकज यादव मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी कप्तानगंज अनिल कुमार ने बताया कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और पूर्ण होने के बाद ही अंतिम रिपोर्ट उपलोकायुक्त को प्रेषित की जाएगी।
