Fierce fire: सोहरौना गांव में झोपड़ी में लगी भीषण आग,मुस्तफा अंसारी झुलसे,पशुओं की मौत
Fierce fire: कुशीनगर जिले मे बुधवार की देर रात खड्डा थाना क्षेत्र के सोहरौना गांव (उत्तर टोला) निवासी मुस्तफा अंसारी के झोपड़ी में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई।
आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ी में सो रहे परिजनों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन पशुओं को बचाने के प्रयास में मुस्तफा अंसारी आग से घिरकर बुरी तरह झुलस गए।
जानकारी के मुताबिक, आग की सूचना पर ग्रामीण, खड्डा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। खड्डा पुलिस के एसआई देवेंद्र सिंह यादव, कांस्टेबल चंद्रशेखर चौहान, देवेंद्र सिंह, धीरज राव सहित अन्य ने ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घायल मुस्तफा को तत्काल एंबुलेंस से तुर्कहां सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।आगजनी की इस घटना में मुस्तफा के घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
इसमें मोटरसाइकिल, चारा मशीन, पंपिंग सेट, ठेला, कपड़े, बिस्तर, चौकी और लकड़ी सहित अन्य सामान शामिल हैं।
इसके अलावा, झोपड़ी में बंधी दो भैंस और पांच बकरियां भी बुरी तरह झुलस गईं, जिनमें से दो बकरियों की मौत हो गई।
शेष घायल पशुओं का उपचार चल रहा है।गुरुवार को हलका लेखपाल राधेश्याम मौके पर पहुंचे और नुकसान का आकलन शुरू किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। इस घटना से मुस्तफा के परिवार को भारी नुकसान हुआ है, और स्थानीय लोग उनके लिए सहायता की मांग कर रहे हैं।
