Cybercrime:साइबर सेल ने जागरूकता चौपाल में दी ऑनलाइन सुरक्षा की सीख
Cybercrime: जनपद में पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में जिले में “साइबर जागरूकता अभियान” लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को साइबर सेल प्रभारी मनोज कुमार पंत व उनकी टीम ने थाना रविन्द्रनगर धूस, जटहांबाजार और तुर्कपट्टी क्षेत्र में चौपाल लगाकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में मौजूद ग्राम प्रधान, संभ्रांत नागरिकों और आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
टीम द्वारा निम्न प्रमुख बिंदुओं पर लोगों को जागरूक किया गया—
- इंटरनेट बैंकिंग एवं कार्ड फ्रॉड: एटीएम, डेबिट/क्रेडिट कार्ड, यूपीआई तथा डिजिटल वॉलेट से जुड़े धोखाधड़ी से बचाव के तरीके।
- सोशल मीडिया व ऑनलाइन फ्रॉड: ओएलएक्स ठगी, फर्जी वेबसाइट, फेसबुक/व्हाट्सएप हैकिंग, बारकोड स्कैनिंग फ्रॉड और हनी ट्रैप जैसे अपराधों से सतर्क रहने की सलाह।
- अन्य साइबर अपराध: सिम स्वैपिंग, बायोमेट्रिक फ्रॉड, फोन कॉल ठगी, चिट फंड-लॉटरी के झांसे और ऑनलाइन खरीद-बिक्री से जुड़े धोखाधड़ी के प्रति चेतावनी।
- सोशल मीडिया सुरक्षा: फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रहने के आवश्यक उपाय।
इस दौरान थानों में स्थापित साइबर सेल के संपर्क नंबर उपलब्ध कराए गए और लोगों को बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध या ऑनलाइन ठगी की स्थिति में वे नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (N.C.R.P.) पर तुरंत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं, जहां से संबंधित थाने में ऑनलाइन जीरो FIR पंजीकृत कर कार्रवाई की जाती है।
इसके अलावा, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर अपराध रोकथाम पोर्टल cybercrime.gov.in के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि नागरिक किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
साइबर सेल ने लोगों से अपील की कि किसी भी डिजिटल या ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए शिकायत दर्ज करें और अपने परिजनों को भी इस संबंध में जागरूक करें।
