सीडीओ की अध्यक्षता में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस
CDO: जनपद के तहसील खड्डा सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी खड्डा रामवीर सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी खड्डा ने जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सीडीओ ने दी स्पष्ट हिदायत
सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव ने एक-एक कर सभी प्रार्थनापत्रों को सुना और कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्राप्त प्रार्थनापत्रों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस विभाग को निर्देश, पीड़ित को मिले समय पर न्याय
पुलिस क्षेत्राधिकारी खड्डा वीरेन्द्र कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को समय पर न्याय मिलना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ
इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने तहसील दिवस में उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम जनमानस को बाल विवाह मुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई।
इस दौरान नायब तहसीलदार खड्डा अभिषेक सिंह, खंड विकास अधिकारी प्रहलाद सिंह, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी खड्डा व छितौनी सहित तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी व थाना प्रभारी निरीक्षक उपस्थित रहे।
