30 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र, आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए किट वितरण की घोषणा
Appointment letter: लखनऊ में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आयोजित मुख्य सेविकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण देखने के बाद जनपद स्तर पर 30 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास
विधायक पडरौना मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन रोजगार के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने लगभग 2500 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने जिलाधिकारी द्वारा जनपद में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। मा0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, समूहों, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती आदि के माध्यम से महिलाओं का उत्थान हो रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर शिक्षा को बढ़ावा
विधायक ने बताया कि जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए किट वितरित की जाएगी। उन्होंने निजी स्कूलों की तर्ज पर आंगनबाड़ी केंद्रों में आधुनिक शिक्षा प्रणाली को लागू करने की दिशा में यह पहल बताया।
जिलाधिकारी का आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए विशेष प्रयास
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों में शिक्षा के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए 200 किट की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक किट में साइकिल, बबल, कुर्सी आदि सहित 16 आइटम शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर किट उपलब्ध कराने का लक्ष्य है, जिसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही, जिला कार्यक्रम अधिकारी को किट का स्टॉक पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
16 आंगनबाड़ी केंद्रों को किट वितरण
जिला कार्यक्रम अधिकारी ए.के. दुबे ने बताया कि वर्तमान में 16 आंगनबाड़ी केंद्रों को किट उपलब्ध कराई गई है और जिला प्रशासन के सहयोग से 300 किट की व्यवस्था की जा रही है।
कार्यक्रम में विधायक हाटा मोहन वर्मा, फाजिलनगर सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, रामकोला विनय प्रकाश गौंड, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राजेश्वर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनंजय तिवारी ने किया।
