मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पीस कमेटी की बैठक, दिए गए सख्त निर्देश
Peace Committee: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक केशव कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पीस कमेटी का मुख्य उद्देश्य सभी विभागों और समुदायों के बीच समन्वय स्थापित कर त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ताजिया जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे और किसी भी नई परंपरा या नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपजिलाधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर जुलूस मार्गों से जुड़े सभी विवादों का निस्तारण समय से सुनिश्चित करें
विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर लटकते या जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त करने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका और नगर पंचायत को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, गड्ढामुक्त सड़कें और स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत समय से पूर्ण करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को भी एम्बुलेंस और चिकित्सा टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि ताजियों की ऊंचाई किसी भी स्थिति में 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने डीजे संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही संचालन करने और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, पीस कमेटी सदस्य एवं धर्मगुरु उपस्थित रहे।
