Body fat: बॉडी फैट कम न होने की 3 बड़ी वजहें, फिटनेस कोच लार्स मीडेल ने बताए यह उपाय
Body fat: शरीर पर जमा चर्बी न सिर्फ आपकी फिटनेस को प्रभावित करती है, बल्कि आत्मविश्वास को भी कम कर सकती है।
ज्यादातर लोग बॉडी फैट कम करने के लिए जिम में घंटों पसीना बहाते हैं और डाइटिंग करते हैं, लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता।
फिटनेस कोच लार्स मीडेल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि अगर आपकी कमर के आसपास जिद्दी फैट जमा है, तो इसके पीछे सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि कुछ और कारण भी हो सकते हैं।
आइए जानते हैं, लार्स मीडेल ने बॉडी फैट कम न होने की 3 प्रमुख वजहें और उनके समाधान के बारे में क्या बताया।
फैट कम न होने की 3 प्रमुख वजहें
लार्स मीडेल के अनुसार, अगर आपकी उम्र 35 साल से ज्यादा है और आप हफ्ते में 50 घंटे से अधिक काम करते हैं, तो कमर के आसपास जमा फैट सिर्फ खानपान की वजह से नहीं है। इसके पीछे आदतें, हार्मोन और छुपी हुई कैलोरी जिम्मेदार हो सकती हैं।
स्नैकिंग की आदत
फिटनेस कोच का कहना है कि मेवा, सलाद, सैंडविच और रेस्तरां का खाना आपकी डाइट में अतिरिक्त कैलोरी जोड़ सकता है। ये चीजें हेल्दी लगती हैं, लेकिन इनमें कुल मिलाकर 3000 कैलोरी तक हो सकती हैं। बार-बार स्नैकिंग करने से कैलोरी इनटेक बढ़ जाता है, जो फैट कम करने में बाधा बनता है।
अल्कोहल का सेवन
देर रात शराब पीना न सिर्फ आपकी नींद को प्रभावित करता है, बल्कि मेटाबॉलिज्म को भी धीमा कर देता है।
लार्स के अनुसार, शाम 6 बजे के बाद अल्कोहल का सेवन हार्मोनल असंतुलन पैदा करता है, जिससे फैट बर्निंग प्रक्रिया बाधित होती है। नींद की कमी भी फैट जमा होने का एक बड़ा कारण बन सकती है।
फैटी फूड में छुपी कैलोरी
सलाद ड्रेसिंग, तेल में पका खाना और नमकीन काजू जैसी चीजें कैलोरी बम की तरह होती हैं। ये खाद्य पदार्थ हेल्दी दिखते हैं, लेकिन इनमें मौजूद छुपी कैलोरी आपके वजन घटाने के लक्ष्य को मुश्किल बना सकती हैं।
फैट कम करने का तरीका
लार्स मीडेल ने अपने एक बिजी प्रोफेशनल क्लाइंट का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे सही दृष्टिकोण से फैट लॉस संभव है। उनके क्लाइंट ने 90 दिनों में न सिर्फ जिद्दी फैट कम किया, बल्कि पहली बार ऐब्स भी बनाए। इसका राज था:
पोषण पर ध्यान: क्लाइंट ने अपनी डाइट में पोषक तत्वों का सही संतुलन बनाया। हेल्दी और नियंत्रित कैलोरी वाले खाने को प्राथमिकता दी।
खाने की चॉइस: ट्रैवलिंग और बाहर खाने के दौरान भी स्मार्ट फूड चॉइस की, जैसे कम तेल और कम कैलोरी वाले विकल्प चुने।
लाइफस्टाइल में बदलाव: स्नैकिंग और अल्कोहल की आदतों को कंट्रोल कर हेल्दी रूटीन अपनाया।
एक्सपर्ट की सलाह
लार्स मीडेल का कहना है कि फैट लॉस के लिए डाइट और लाइफस्टाइल में छोटे-छोटे बदलाव बड़े नतीजे दे सकते हैं।
अपनी कैलोरी इनटेक पर नजर रखें, प्रोसेस्ड और फैटी फूड से बचें, और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
साथ ही, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन भी जरूरी है, क्योंकि ये हार्मोनल संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं।
अगर आप भी जिद्दी फैट से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो लार्स मीडेल के इन टिप्स को आजमाएं और अपने फिटनेस गोल्स को हासिल करें।
