Vehicle thief: चोरी की स्कॉर्पियो व दो बाइक के साथ अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार
Vehicle thief: कुशीनगर के थाना पटहेरवा पुलिस ने अन्तर्राज्यीय वाहन चोरों के एक गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कार्पियो वाहन के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज श्री राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई।
दिनांक 30 नवंबर 2025 को थाना पटहेरवा पुलिस ने मु.अ.सं. 297/2025 धारा 303(2) बीएनएस में वांछित अभियुक्त राजन सिंह पुत्र लल्लन सिंह निवासी जोहिया हिच्छाराय थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर तथा रूदल शाह पुत्र सुभाष निवासी खुशीहाल छपरा थाना भोरे जिला गोपालगंज बिहार को गिरफ्तार किया।
दोनों के कब्जे से मुकदमे से संबंधित चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अन्य मोटरसाइकिल तथा एक स्कार्पियो S9 बरामद की गई, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग सोलह लाख रुपये है।
बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2), 317(5) एवं 341(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा, उ.नि. मनोज कुमार वर्मा (चौकी प्रभारी फाजिलनगर), उ.नि. अनुराग यादव, उ.नि. सच्चिदानन्द यादव, का. अलतमश, का. राजन जायसवाल, का. राघवेन्द्र मिश्रा तथा का. कृष्णा पाण्डेय शामिल रहे।
पुलिस की इस उपलब्धि से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की संभावना जताई जा रही है।
