Suicide attempt: टीचर के टॉर्चर से परेशान होकर छात्रा ने हॉस्टल की छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश
Suicide attempt: झांसी में एक छात्रा ने हॉस्टल की छत से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
छात्रा का आरोप है- वह दलित जाति से है, इसलिए टीचर उसे प्रताड़ित करती हैं।
दूसरी लड़कियों को दूर रहने के लिए कहती हैं। पढ़ाई बर्बाद न हो इसलिए चुपचाप सब कुछ बर्दाश्त करती रही।
छात्रा ने कहा- टीचर के टॉर्चर से परेशान हो गई, अब सहन नहीं हो पा रहा था।
इसलिए हॉस्टल की छत से छलांग लगा दी। घटना में छात्रा के दोनों पैर में फ्रैक्चर हुआ है।
उसकी हालत गंभीर है। पीड़िता ने आरोपी टीचर के खिलाफ डीएम को शिकायती पत्र भी दिया है।
कौशल विकास योजना में ले रही ट्रेनिंग
छात्रा (19) सकरार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह बीए फर्स्ट ईयर में पढ़ती है।
छात्रा ने बताया- गांव में कौशल विकास योजना का कैंप लगा था। रोजगार के लिए मैंने भी आवेदन किया था।
चयन होने पर मुझे प्रशिक्षण के लिए आरा मशीन के पास प्रशिक्षण केंद्र के हॉस्टल में रखा गया।
अनुसूचित जाति से होने के कारण महिला टीचर मुझे अपमानित करती थीं।
साथ ही अन्य लड़कियों को दूर रहने के लिए कहती थीं। हॉस्टल में तैनात एक युवक भी उनका साथ देता था
और अभद्रता करता था। पढ़ाई बर्बाद न हो, इसलिए कुछ दिनों तक सहती रही।
इस दौरान मुझे इतना टॉर्चर किया कि मैं परेशान होकर कूद गई। गिरते ही बेहोश हो गई।
होश आने पर धमकी दी कि किसी को बताया तो जान से मार देंगे। लेकिन मैंने हिम्मत करके घरवालों को पूरी बात बताई।
घर वाले मुझे अस्पताल लेकर पहुंचे। गुरुवार को परिवार वालों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
छात्रा ने मां को पूरी घटना बताई
छात्रा का कहना है, घटना के बाद डर के मारे घरवालों को नहीं बताया।
उनको कहा कि सीढ़ियों से गिर गई हूं। 13 मई को पिता आए और मुझे घर ले गए।
पिता ने उसी दिन डॉक्टर को दिखाया। एक्स-रे हुए तो दोनों पैर में फैक्चर था।
इसके बाद मैं घर चली गई। 15 मई की शाम को मां पैर में दवाई लगा रही थी।
तब मैंने मां को पूरी घटना के बारे में बता दिया। आज दोपहर 3 बजे माता-पिता मुझे लेकर डीएम के पहुंचे और शिकायत दी है।
अभी तहरीर नहीं मिली, जांच जारी
मामले में सीओ सदर स्नेहा तिवारी का कहना है कि ये मामला संज्ञान में नहीं है।
लड़की और उसके परिजनों ने न थाने में संपर्क किया और न ही शिकायत दी है।
फिर भी वायरल वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है। जो भी सच्चाई होगी, उसके आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी
छात्रा का आरोप है, 11 मई की शाम हॉस्टल में थी। तब टीचर, कर्मचारी और एक अन्य छात्रा आकर डराने-धमकाने लगे। आत्महत्या करने के लिए उकसाने लगे।
आत्महत्या नहीं करने पर मारकर गायब करने की धमकी देने लगे। दूसरी छात्रा वीडियो बना रही थी।
